राजस्थान में मॉनसून कमजोर पड़ चुका है. राज्य में सोमवार को कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी के अलावा कहीं बारिश नहीं हुई. बारिश का दौर पूरी तरह थम चुका है. राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में दिनभर काले बादल छाए तो रहे, लेकिन बरसे नहीं. वहीं, बादल छाए रहने से उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशान कर दिया. श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य शहरों में दिन के साथ साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है.
16 जुलाई से फिर शुरू होगी बारिश
मौसम विभाग की ओर से 16 जुलाई से एक बार फिर बरसात की संभावनाएं जताई जा रही है. विभाग के मुताबिक, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 16-17 जुलाई से हल्की बारिश होने की संभावना है.
धूलभरी हवाएं चलने की संभावना
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
राजस्थान में औसत से कम हुई बारिश
प्रदेश में अभी औसत से कम बारिश हुई है. इसका सीधा असर खरीफ की फसलों की बुवाई पर देखने को मिल रहा है. प्रदेश में बुवाई कम हुई है. ऐसे में किसान चिंतित हैं. कई जगहों से किसानों के बारिश करवाने के लिए हवन करने, जागरण करने समेत पूजा पाठ की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं. मौसम विभाग का दावा है कि प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से कम ही रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव का समय तय! सरकार के एक प्रार्थना पत्र ने दिए बड़े संकेत