पाकिस्तानी आतंकी भट्टी से संपर्क साधने के प्रयास में पुलिस के रडार पर आया हनुमानगढ़ का युवक, राजद्रोह का मुकदमा दर्ज

हनुमानगढ़ में पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में आए स्थानीय युवक जसवंत पर राजद्रोह का मामला दर्ज कर लिया गया है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
हनुमानगढ़: पाक आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क करने के आरोप में स्थानीय युवक पर राजद्रोह का मामला दर्ज
NDTV Reporter

Hanumangarh News: राजस्थान के हनुमानगढ़ में पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ाव का एक बड़ा मामला सामने आया है. हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने किशनपुरा निवासी जसवंत उर्फ सोनू और पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के खिलाफ राजद्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. यह कार्रवाई टाउन थाना अधिकारी अशोक बिश्नोई की शिकायत पर की गई है.

इंस्टाग्राम पर किए थे दो मैसेज

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी जसवंत, आतंकी शहजाद भट्टी के साथ सीधा संपर्क साधने की कोशिश कर रहा था. उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से भट्टी को दो बार मैसेज भेजे, जिसमें उसने अपना मोबाइल नंबर शेयर करते हुए फोन पर बात करने का अनुरोध किया था. इतना ही नहीं, जसवंत ने आतंकी शहजाद भट्टी की इंस्टाग्राम आईडी से हथियारों की तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट किया था. 

Advertisement

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास

सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि जसवंत की मंशा क्या थी और वह आतंकी के वीडियो सोशल मीडिया पर लगाकर क्या संदेश देना चाहता था. आरोपी जसवंत उर्फ सोनू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत पर पूर्व में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट सहित कई अन्य मुकदमे दर्ज हैं और उसके पहले जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है. वर्तमान में टाउन पुलिस आरोपी की हिस्ट्री और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रही है.

अंबाला RDX कांड से जुड़े हैं तार?

गौरतलब है कि पूर्व में अंबाला में आरडीएक्स (RDX) के साथ पकड़े गए तीन युवकों ने पूछताछ में खुलासा किया था कि पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी हनुमानगढ़ सहित देश के कई शहरों में बम विस्फोट करने की साजिश रच रहा था. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी के चलते वह साजिश नाकाम हो गई थी. आतंकवादियों से हनुमानगढ़ लाकर भी पूछताछ की गई थी, जिसके बाद उन्हें वापस अंबाला भेज दिया गया था. फिलहाल, पुलिस और एजेंसियां जसवंत के हर लिंक को खंगाल रही हैं और मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के नापाक मंसूबे फेल! कई शहरों को दहलाने की थी साजिश, आतंकियों का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस