Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है. पिछले तीन दिनों से बारिश जारी है. सोमवार देर रात तेज मेघ गर्जना के साथ बारिश हुई. सीकर, राजसमंद, उदयपुर और जयपुर में आंधी के साथ तेज बारिश हुई. उदयपुर में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. मौसम विभाग ने 29 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
सीकर में 48MM बरिश
मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीमाधोपुर (सीकर) में 48.0 मिमी, चित्तौड़गढ़ में सात मिमी, भीलवाड़ा में 3.2 मिमी, कोटा में 2.6 मिमी और डबोक में एक मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बताया कि आंधी और बारिश के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जो अब 30 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) May 5, 2026
रींगस में 3 दिन से बारिश
रींगस में पिछले तीन दिनों से दिन में तेज गर्मी पड़ती है, और रात होते-होते बारिश का दौर शुरू हो जाता है. सोमवार देर रात भी तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश ने लोगों को दिनभर की भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई. अचानक बदले मौसम के कारण वातावरण सुहावना हो गया, और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. कुछ देर के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ.
सीकर में 2 घंटे तक जोरदार बारिश
सीकर में देर रात अचानक मौसम परिवर्तन हुआ, और तेज हवाओं, मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ. जिले के लक्ष्मणगढ़ में फतेहपुर में बारिश से पहले धूल भरी आंधी का दौर चला. करीब 2 घंटे तक जोरदार बारिश हुई. फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ के बाद देर रात सीकर शहर, धोद, खंडेला, श्रीमाधोपुर के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर चला.
राजसमंद में ओलावृष्टि के साथ बरिश
राजसमंद में ओलावृष्टि के साथ बारिश और तेज हवाओं ने भारी उत्पात मचाया. कई जगह टीन शेड और शटर उखड़ गए, तो कई पुराने पेड़ भी गिरकर धराशायी हो गए. कांकरोली के आसोटिया में करीब 200 साल पुराना बरगद का पेड़ उखड़कर गिर गया. मुख्य डाकघर के परिसर में लगे नीम के दो पेड़ उखड़कर गिर गए. विट्ठल विलास बाग में भी पांच पेड़ टूट कर गिर गए. गनीमत रही कि इन पेड़ों के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई.
जयपुर और उदयपुर में अचानक मौसम बदला. ग्रामीण क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ ओले गिरे. जिले के मावली क्षेत्र ओले गिरे और तेज बारिश हुई. उदयपुर शहर में भी तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक हुई. कुछ क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण पेड़ भी गिरे.
यह भी पढ़ें: पिता की मौत का बदला लेने के लिए बेटे ने खेला खूनी खेल, सोशल मीडिया के एक स्क्रीनशॉट से खुला राज