Ranthambore Tiger Reserve: विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व के त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवा टाइगर RBT-2511 (मलंग) अचानक मुख्य सड़क पर आ गया. करीब 10 से 12 मिनट तक बाघ सड़क पर चहलकदमी करता रहा, जिससे वाहनों के पहिए थम गए। इस दौरान एक टैक्सी चालक की बड़ी लापरवाही भी सामने आई, जिसने अपनी कार बाघ के बेहद करीब से गुजार दी. बाघ को सड़क पर देखकर यात्रियों की सांसें हलक में अटक गईं, वहीं कई वन्यजीव प्रेमियों ने इस दुर्लभ नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.
बाघ ने रोका रास्ता, श्रद्धालु हुए रोमांचित
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान त्रिनेत्र गणेश के दर्शन के लिए रणथंभौर दुर्ग की ओर जा रहे थे, तभी मिश्रदर्रा गेट के पास से टाइगर मलंग जंगल से निकलकर मुख्य मार्ग पर आ गया.
टैक्सी चालक की खतरनाक लापरवाही
जब बाघ सड़क पर सिंहद्वार की ओर बढ़ रहा था, तभी एक सफेद रंग की टैक्सी कार के चालक ने सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर टाइगर के एकदम पास से कार निकाली. बाघ एक पल के लिए रुका और गुस्से में कार की ओर घूरा, लेकिन फिर अपनी मदमस्त चाल में आगे बढ़ गया. वहीं, पीछे आ रही अन्य कारों के चालकों ने समझदारी दिखाई और अपने वाहनों को टाइगर से उचित दूरी पर रोक लिया.
कौन है टाइगर मलंग?
टाइगर मलंग (RBT-2511) रणथंभौर की मशहूर बाघिन T-107 (सुल्ताना) का शावक है. यह युवा बाघ इसी क्षेत्र में अपनी टेरिटरी (इलाका) बना चुका है, इसलिए अक्सर त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर इसका मूवमेंट देखा जाता है.
वन विभाग अलर्ट
टाइगर के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मॉनिटरिंग शुरू की. बाघ के वापस जंगल में लौटने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका. विभाग ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वन्यजीवों के मूवमेंट के दौरान सुरक्षा फासले का विशेष ध्यान रखें.
यह भी पढ़ें; Rajasthan: 4 बच्चों की मां पर पति का आतंक... फिर पत्नी ने उठाया ऐसा कदम; सुनकर कांप जाएगी रूह