आज 13 नहीं, सिर्फ 5 गाड़ियों के काफिले में न‍िकले CM भजनलाल, पीएम मोदी की अपील के बाद ल‍िया फैसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और मितव्ययता की अपील का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी.  

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
सीएम भजनलाल शर्मा के काफिले में 5 गाड़ियां नजर आईं.

राजस्‍थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दिल्ली दौरे पर हैं. जयपुर आवास से एयरपोर्ट रवाना होने के दौरान उनके काफिले में केवल पांच गाड़ियां ही नजर आईं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने काफिलों में अनावश्यक वाहनों का उपयोग नहीं करें, और ईंधन बचत को प्राथमिकता दें.

मुख्य सचिव को सीएम ने दिए निर्देश  

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारियों को जारी निर्देशों में कहा है कि सरकारी संसाधनों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही किया जाए. सुरक्षा के नाम पर अतिरिक्त गाड़ियों के इस्तेमाल से बचने और प्रशासनिक स्तर पर मितव्ययता अपनाने पर जोर दिया गया है. 

Advertisement

पहले 13 वाहनों के काफिले में चलते थे सीएम 

आमतौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले में सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत 8 से 13 वाहन शामिल रहते हैं, इनमें सबसे आगे चलने वाली पायलट गाड़ियां, सुरक्षा एस्कॉर्ट वाहन, मुख्यमंत्री की बुलेटप्रूफ गाड़ी, जैमर वाहन, एंबुलेंस और बैकअप वाहन शामिल होते हैं, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने काफिले का आकार सीमित रखने और केवल जरूरी वाहनों का उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए हैं. 

सादगी अपनाने के दिए निर्देश 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. इसी सोच के तहत काफिले को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में भी सादगी अपनाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार का मानना है कि ईंधन बचत और सरकारी खर्चों में कटौती से संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है. 

यह भी पढ़ें: सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला, राजस्थान में मंत्री-विधायकों के काफिले में कम होंगे वाहन