देवली (टोंक) के पटेल नगर में मकान पर चोरों ने हाथ साफ कर लिए. घर के सदस्य शादी समारोह में गए थे, उसी दौरान सूने घर में लाखों की चोरी हो गई. इस दौरान एक-एक हजार के पुराने 17 नोट को चोर घर में ही छोड़ गए. जानकारी के मुताबिक, चोरों ने घर से लगभग 50 हजार रुपए नकद, आधा किलो चांदी के सिक्के व पायल, और अन्य कीमती चांदी के आभूषण चोरी कर लिए.
चोरों ने 5 अलमारियों को तोड़ा
सूना घर पाकर चोर भीतर घुसे और एक साथ 5 अलमारियों को तोड़कर लगभग 20 हजार की नगदी चोरी कर ली. चांदी के सिक्के और आभूषण पर भी हाथ साफ कर दिया. लेकिन अलमारी में रखे पुराने एक-एक हजार के 17 हजार रुपए के नोट चोर छोड़ गए. पुलिस ने एफएसएल की टीम मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और जांच शुरू कर दी है.
केकड़ी गए थे परिजन
पीड़ित प्रभुलाल बैरागी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी कि 17 फरवरी को परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए केकड़ी गए थे. जब वे 19 फरवरी की शाम करीब 4 बजे वापस घर लौटे तो उन्हें मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ और दरवाजा खुला मिला. घर के अंदर जाकर देखने पर परिवार के होश उड़ गए. सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान पूरे घर में बिखरा पड़ा था.
17-18 मध्यरात्रि को वारदात की आशंका
रिपोर्ट में चोरी की यह वारदात 17 या 18 फरवरी की मध्यरात्रि को होने की आशंका जताई जा रही है. पीड़ित ने पुलिस से मामला दर्ज कर चोरों की तलाश करने और चोरी गया सामान बरामद करवाने की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ेंः विधानसभा में यूरिया-खाद की किल्लत पर सवाल, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा बोले- 'मैं स्वीकार करता हूं कि...'