Rajasthan News: राजस्थान में टोंक जिले के डिग्गी थाना क्षेत्र के कलमंडा गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई. यहां मस्जिद के बाथरूम में 48 वर्षीय हकीम पिंजारा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. घटना के वक्त वह नमाज से पहले बाथरूम में गया था.
इलाज के दौरान जयपुर में तोड़ा दम
आग से गंभीर रूप से झुलसे हकीम को पहले मालपुरा अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर उसे जयपुर रेफर किया गया. जहां शुक्रवार अल सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया.
आरोपी इमाम गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इमाम अब्दुल रशीद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी जोधपुर जिले के बिलाड़ा का रहने वाला है और मस्जिद में इमाम के रूप में रह रहा था. गिरफ्तारी की पुष्टि टोंक एसपी राजेश कुमार मीना ने की.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार जैसे ही हकीम बाथरूम में गया आरोपी वहां पहुंचा और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया. बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने पीड़ित को अधजली हालत में बाहर निकाला.
आपसी विवाद बना हत्या की वजह
शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी रंजिश में आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया. आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक हकीम जयपुर में मजदूरी करता था और रमजान के दौरान गांव आया था. उसके परिवार में एक 22 वर्षीय बेटी और 20 वर्षीय बेटा है जो पढ़ाई कर रहे हैं. पिता की मौत से परिवार सदमे में है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान CID की बड़ी कार्रवाई, 4 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश महाराष्ट्र से गिरफ्तार