राजस्थान में दो पश्‍च‍िमी व‍िक्षोभ एक्‍टिव, 14, 15 मार्च को झमाझम बार‍िश की भव‍िष्‍यवाणी 

मार्च का महीना शुरू होते ही राजस्थान तपने लगा, लेक‍िन अब मौसम बदलने की संभावना है. तापमान में कमी भी देखने को म‍िलेगी. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फाइल फाेटो.

राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से पड़ रही भीषण गर्मी से अब राहत के संकेत मिल रहे हैं. राज्य में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिसका असर अगले 24 घंटों से दिखना शुरू हो जाएगा. फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से राजस्थान में मार्च महीने में ही गर्मी तेजी से बढ़ने और हीट वेव शुरू होने का नया ट्रेंड दिखाई दे रहा है.

सामान्य से 4 डिग्री अधिक तापमान  

राजस्थान के इन दिनों अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से नौ डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चल रहा है.  पिछले चौबीस घंटों में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है.  हवाओं के पैटर्न में बदलाव के साथ अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है. 

14 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर 

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया क‍ि 14 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का असर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, मेघगर्जन और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. 15 मार्च को इसका असर और ज्यादा रहेगा. अजमेर संभाग, भरतपुर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है.

कल से हीटवेव से राहत मिलनी शुरू होगी  

14 और 15 मार्च को आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियों से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.  मौसम विभाग का कहना है कि 12 मार्च से ही हीट वेव से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी.  इसके बाद 18, 19 और 20 मार्च के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है.  इसके असर से पूरे सप्ताह बादल छाए रहने, मेघगर्जन और हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है.  दो बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले सप्ताह हीट वेव का खतरा लगभग नहीं के बराबर रहने की संभावना है और तापमान मौजूदा स्तर से तीन से चार डिग्री नीचे आ सकता है. 

Advertisement

मार्च में हीट वेव की बढ़ जाती है आवृत्ति 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले 5  से 10 वर्षों में राजस्थान में मौसम के पैटर्न में बदलाव देखने को मिला है. मार्च महीने में सामान्य से ज्यादा तापमान और हीट वेव की बढ़ती आवृत्ति दर्ज की जा रही है. वर्ष 2022 में केवल मार्च महीने के दौरान ही बाड़मेर में 14 से 15 हीट वेव दिन रिकॉर्ड किए गए थे. फरवरी से ही तापमान तेजी से बढ़ने और मार्च में ही हीट वेव शुरू होने का यह पैटर्न अब लगातार सामने आ रहा है. 

यानी कुल मिलाकर, भीषण गर्मी के इस दौर के बाद अब मार्च में मौसम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ तापमान को नीचे लाएंगे और फिलहाल हीट वेव से राहत दिलाएंगे. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: जयपुर में 1.65 लाख रुपये के पार पहुंचा सोना, चांदी की कीमतों में भी भारी हलचल