Rajasthan News: राजस्थान के उदयपुर जिले के बड़ी गांव क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई. खेत पर मौजूद एक किसान पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार लेपर्ड किसान को खेत से उठाकर पास के जंगल की ओर ले गया. जब किसान देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद जंगल क्षेत्र में किसान का शव मिला. शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमले के दौरान ही उसकी मौत हो गई थी. बता दें की उदयपुर में पिछले सालों भी लेपर्ड ने हमले करके कई लोगों की जान ली है.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी. वन विभाग भी पूरे मामले की जांच में जुट गया है.
ग्रामीणों में डर का माहौल, सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद बड़ी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है. ग्रामीण रात के समय खेतों और सुनसान स्थानों पर जाने से बच रहे हैं. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें-
"कांग्रेस मुस्लिम लीग माओवादी बन चुकी है", पीएम मोदी बोले- ये घात लगाकर हमला करते हैं