Rajasthan News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) एक बार फिर राजस्थान की धरा पर कदम रखने जा रहे हैं. आगामी 15 और 16 मार्च को सीएम योगी का दो दिवसीय राजस्थान दौरा (Rajasthan Visit) तय हो गया है. इस दौरान वे मेवाड़ के शौर्य और जालौर की आस्था का संगम बनेंगे. चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह के लिए योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.
सीएम ऑफिस से जारी हुआ शेड्यूल
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी 15 मार्च को सुबह 9:25 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे और 10:50 बजे झीलों की नगरी उदयपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए सुबह 11:20 बजे चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन हेलीपैड पर लैंड करेंगे. यहां स्वागत के बाद वे सीधे चित्तौड़गढ़ दुर्ग जाएंगे, जहां विजय स्तंभ के पास स्थित जौहर स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेंगे, जहां जौहर श्रद्धांजलि समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में जनसभा को संबोधित करेंगे.
जालौर में रात्रि विश्राम, अगले दिन धर्म सभा
चित्तौड़गढ़ के कार्यक्रमों को पूरा कर सीएम योगी दोपहर 1:55 बजे जालौर के लिए उड़ान भरेंगे और शाम 4:00 बजे प्रसिद्ध सिरे मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन, 16 मार्च को सुबह 9:30 बजे वे श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और इसके ठीक आधे घंटे बाद यानी सुबह 10:00 बजे एक विशाल धर्म सभा को संबोधित करेंगे. अपनी यात्रा के समापन पर वे सुबह 11:55 बजे जालौर से जोधपुर के लिए रवाना होंगे, जहां से विशेष विमान द्वारा वापस लखनऊ लौट जाएंगे.
प्रशासन ने कसी कमर, तैयारियां जोरों पर
योगी आदित्यनाथ के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर चित्तौड़गढ़ और जालौर दोनों जिलों में उत्साह का माहौल है. जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हैं. इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और ईनाणी सिटी सेंटर में भव्य पंडाल सजाया जा रहा है. 13 से 15 मार्च तक चलने वाले जौहर मेले का समापन सीएम योगी के इसी संबोधन के साथ होगा.
ये भी पढ़ें:- जैसलमेर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी, होटल और रेस्तरां कारोबार पर बढ़ी चिंता