राजस्थान में बयाना नगरपालिका की बैठक में विधायक ऋतु बनावत और EO अनीता कुमारी के बीच हुए विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है. कल, शुक्रवार 12 जून को बैठक में विधायक ऋतु बनावत और नगरपालिका EO अनीता कुमारी के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई थी. इसका वीडियो भी वायरल हो गया. विवाद के कुछ घंटे बाद EO अनीता कुमारी को निलंबित कर दिया गया. विधायक ऋतु बनावत ने इसे लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिकायत की. उनकी शिकायत पर स्वास्थ्य शासन विभाग के निदेशक ने EO के निलंबन का आदेश जारी कर दिया. लेकिन अब EO अनीता कुमारी के निलंबन को लेकर कुशवाहा समाज में नाराजगी फैल गई है और उन्होंने मोर्चा खोल दिया है.
कुशवाहा समाज ने ऋतु बनावत का पुतला फूंका
Photo Credit: NDTV
कुशवाहा समाज सड़क पर उतरा
EO अनीता कुमारी के निलंबन से कुशवाहा समाज में नाराजगी फैल गई. समाज के लोगों ने गांव सैदपुरा में इकट्ठा होकर विधायक ऋतु बनावत का पुतला फूंका और निलंबन वापस लेने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि EO के साथ अन्याय हुआ है और जातिगत भावना से कार्रवाई की गई है.
फिलहाल नगरपालिका का काम-काज प्रभावित हुआ है और मामला राजनीतिक रंग ले चुका है. प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.
ऋतु बनावत (बाएं) की शिकायत के बाद ईओ को निलंबित कर दिया गया
Photo Credit: NDTV
क्या हुआ था नगरपालिका में
जानकारी के मुताबिक विधायक ऋतु बनावत कल बयाना नगर पालिका पहुंची थीं. मीटिंग के दौरान एक आम व्यक्ति ने कुछ बोलने की कोशिश की लेकिन विधायक ने उसे टोक दिया. बताया जा रहा है कि वो व्यक्ति EO अनीता कुमारी का परिजन/रिश्तेदार है. इसी पर EO नाराज हो गईं और विधायक से बहस करने लगीं.
विधायक ऋतु बनावत का आरोप है कि EO ने उनका प्रोटोकॉल तोड़ा और बदतमीजी की. ऋतु बनावत ने कहा,"मैं नगरपालिका में भ्रष्टाचार का मामला उठा रही थी, उसी से नाराज होकर EO ने मीटिंग में बेइज्जत किया."
हंगामे के बाद विधायक ने सीधे सीएम को पत्र लिखा. पत्र में नगरपालिका बयाना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है. इस मामले में EO अनीता कुमारी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका.
ये भी पढ़ें-: कोटा महंत हत्याकांडः वकील ने बनाया प्लान- एक संत को मारेंगे तो दूसरे पर होगा शक, जानें कैसे नाकाम हुई साजिश