Marco Rubio Visit Jaipur: राजस्थान की गुलाबी नगरी एक बार फिर एक बेहद हाई-प्रोफाइल वैश्विक नेता की मेजबानी के लिए सज-धज कर तैयार हो रही है. भारत के आधिकारिक दौरे पर आ रहे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) आगामी सोमवार को राजस्थान की ऐतिहासिक धरा पर कदम रखेंगे.नई दिल्ली में 26 मई को आयोजित होने वाली क्वाड (QUAD) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आ रहे मार्को रूबियो अपने इस दौरान समय निकालकर विशेष रूप से जयपुर के ऐतिहासिक सौंदर्य का दीदार करने पहुंच रहे हैं.
आगरा से जयपुर और फिर दिल्ली की उड़ान
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री सोमवार की सुबह सबसे पहले 'ताजमहल' का दीदार करने आगरा जाएंगे. वहां से दोपहर तक वे एक विशेष विमान के जरिए सीधे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जहां वह दोपहर आमेर किले का दौरा करेंगे. जयपुर भ्रमण के बाद वे रामबाग पैलेस (Rambagh Palace) लौटेंगे. जहां उन्हें रात्रि विश्राम का इंतजाम किया है. इसके बाद मंगलवार सुबह वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे. फिलहाल आमेर किले के अलावा किसी अन्य पर्यटन स्थल के दौरे का औपचारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है. हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि आमेर से लौटते समय वे रास्ते में हवा महल और सिटी पैलेस का भी भ्रमण कर सकते हैं.
एयरपोर्ट पर रहेंगे विशेष सुरक्षा के इंतजाम
मार्को रूबियो की मेहमाननवाजी के लिए पर्यटन विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है. बताया जा रहा है कि वे जिन भी पर्यटन स्थलों पर जाना चाहेंगे, वहां पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही है. प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें विदेश मंत्री स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी. एयरपोर्ट पर उनके स्वागत, आगमन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे. साथ ही, विदेश मंत्रियों को दी जाने वाली अन्य सुविधाएं, जैसे सामान की विशेष हैंडलिंग और आवागमन व्यवस्था भी प्रोटोकॉल के तहत उपलब्ध कराई जाएंगी.
राजस्थान बना अमेरिकी दिग्गजों की पहली पसंद
बता दें कि इससे पहले पिछले साल (21 से 24 अप्रैल) अमेरिकी उपराष्ट्रति जे.डी वेंस अपने परिवार के साथ जयपुर दौरे पर आए थे. उस दौरान उन्होंने आमेर किला सहित कई पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया था और एक कार्यक्रम में शामिल होकर संबोधन भी दिया था.
सुरक्षा और प्रोटोकॉल को देखते हुए सोमवार को आमेर किले को आम पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है. अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे के तहत मद्देनजर वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे है.
यह भी पढ़ें: कैबिनेट बैठक में सीएम भजनलाल का अहम फैसला, पेंशन नियमों में बदलाव... जल और ऊर्जा संकट पर भी दिया निर्देश