जैसलमेर में सम सैंड ड्यून्स में दीवार आंधी से ढही, लोक कलाकार की मौत, तीन जोधपुर रेफर

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में लोक कलाकारों के लिए बनाए गए मंच के पीछे बने ड्रेसिंग रूम की दीवार अचानक गिर गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जैसलमेर में आंधी से बड़ा हादसा

Rajasthan News: जैसलमेर.जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स में सोमवार (1 जून) को मौसम की अचानक बदली करवट एक दर्दनाक हादसे का कारण बन गई. तेज आंधी के दौरान एक निजी रिसोर्ट में ड्रेसिंग रूम की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसमें दो युवती और एक युवक शामिल है. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.

सम थाना अधिकारी प्रहलाद चंद ने बताया कि सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में लोक कलाकारों के लिए बनाए गए मंच के पीछे बने ड्रेसिंग रूम की दीवार अचानक गिर गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में आई तेज आंधी के कारण दीवार ढह गई, जिससे वहां मौजूद कलाकार उसकी चपेट में आ गए.

Advertisement

करीम खान की मौत

लोक कलाकार करीम खान (25 वर्ष), निवासी बेरसियाला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बीरबल, रवीना, मोनू पुत्री राजू नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया.

पुलिस कर रही मामले की जांच

थानाधिकारी प्रहलाद चंद ने बताया कि मृतक का शव सम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में रखवाया गया है. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई है तथा मामले की जांच की जा रही है. हादसे के समय रिसोर्ट परिसर में तेज हवाएं चल रही थीं और मौसम अचानक खराब हो गया था.

लोक कलाकार समुदाय में शोक

इस दुखद घटना से लोक कलाकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है. पर्यटन सीजन के दौरान सम सैंड ड्यून्स में बड़ी संख्या में पर्यटक और कलाकार मौजूद रहते हैं. ऐसे में इस हादसे ने रिसोर्ट परिसरों में सुरक्षा इंतजामों और अस्थायी निर्माणों की मजबूती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सम क्षेत्र में आई भयानक आंधी के चलते यह दीवार गिरी है. पूरे सम क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई है.

यह भी पढ़ेंः Rajasthan: झीलों के शहर उदयपुर में खतरनाक हो रही झीलें, सुसाइड और बढ़ते हादसों पर बढ़ी चिंता