भरतपुर के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के कारण बांध बरेठा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बांध का गेज 26 फीट के आस पास पहुंच गया. 27 फीट होते ही गेट खोल दिए जाएंगे. जल संसाधन विभाग के अनुसार, लगातार बारिश से बरेठा बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है. अभी जलस्तर 26 फीट के आस पास है, यदि इसी रफ्तार से पानी बढ़ा तो कभी भी गेट खोलने की नौबत आ सकती है. 27 फीट होने पर गेट खोल दिए जाएंगे.
लोगों को सतर्क किया
विभाग ने नदी और निचले इलाको में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे नदी के किनारे न जाएं, मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. जरूरत पड़ते ही गेट खोलकर पानी की निकासी की जाएगी.
कुकुंद नदी के किनारे 40-50 गांव बसे
बांध बरेठा से पानी कुकुंद नदी में जाता है, जिसके किनारे लगभग 40 से 50 गांव बसे हैं, जिनमें से करीब 15 से 20 गांव पानी के बहाव क्षेत्र में आते हैं. प्रशासन की सूची में वस्त्रावली, सूपा, नारोली, कोठी खेड़ा, पूराबाई खेड़ा, बाईखेड़ा, सेवला, सतपुरा और संतोपुरा जैसे गांव प्रमुख रूप से शामिल है. बांध का गेट खुलने के बाद बयाना-बसेड़ी स्टेट हाईवे पूरी तरह से पानी में डूब जाता है.
छोटे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद
इस मार्ग से केवल बड़े और भारी वाहन ही गुजर पाते हैं. छोटे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो जाती है. प्रशासन के द्वारा लगातार यहां लोगों को लाउडस्पीकर से अलर्ट किया जाता है. इसके अलावा यहां एसडीआरएफ की टीम तैनात कर दी जाती है, हालांकि प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में मूसलाधार बारिश, डीग में गिरा दो मंजिला घर; मौसम विभाग का नया अलर्ट