राजस्थान में मौसम का नया अलर्ट, 20 जिलों में आंधी-बारिश, मानसून की एंट्री तक जारी रहेगा सिलसिला

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिला. बीकानेर, जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई. पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 65 मिमी वर्षा सीकर के धोद में दर्ज की गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान प्री-मानसून बारिश जारी (NDTV)

Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में फिर से कई जिलों में मौसम ने करवट ली है और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. पूरे प्रदेश में प्री-मानसून के बारिश का दौर जारी है. वहीं जयपुर मौसम विभाग ने सोमवार (22 जून) को 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिसके बाद प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश देखने को मिला है. राजधानी जयपुर में भी सोमवार की शाम को अचानक से दिन भर कड़ी धूप के बाद मौसम बदला और काले बादल छा गए. हालांकि जोरदार बारिश नहीं हुई, लेकिन कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है.

राजस्थान के 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने तीन घंटे के लिए प्रदेश के 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार चूरू, डीडवाना-कुचामन, सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, कोटा, बारां, झालावाड़, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी, डीग, कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान धूलभरी आंधी और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है.

Advertisement

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान दृश्यता प्रभावित हो सकती है. लोगों को मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, सुरक्षित स्थान पर रहने, वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

जयपुर में गिरा तापमान

पिछले 24 घंटे में भी कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. जयपुर के रामपुरा डाबरी में सबसे ज्यादा 21 मिमी वर्षा हुई, जबकि सांभर में 20 मिमी, चौमूं में 17 मिमी और कालवाड़ में 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते जयपुरवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं अधिकतम तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.

अन्य जिलों में भी गरजे बादल

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिला. बीकानेर, जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई. पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 65 मिमी वर्षा सीकर के धोद में दर्ज की गई. इसके अलावा झुंझुनूं में 34 मिमी और हनुमानगढ़ के पल्लू में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

मानसून आने तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस बीच तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है. वहीं, कोटा में 36.1 डिग्री, अजमेर में 37 डिग्री और अलवर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्री-मानसून बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है.

Advertisement

42 डिग्री दर्ज हुआ है पारा

हालांकि, कुछ जिलों में अभी भी तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है. श्रीगंगानगर और जालोर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 41 डिग्री तक पहुंचा. बीकानेर में 40 डिग्री, जोधपुर में 38.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.

यह भी पढ़ेंः झालावाड़ में पैंथर का आतंक, झाड़ियों से निकलकर ड्यूटी पर तैनात चौकीदार को दबोचा