जयपुर. राजस्थान में गर्मी अब पूरी तरह से कहर बरपा रही है. शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार चूरू राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. यह तापमान सामान्य से करीब 3.1 डिग्री अधिक है. भीलवाड़ा (Bhilwara) में 19.6 और पाली में 20.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होने की संभावना है. कई हिस्सों में कहीं-कहीं उष्ण लहर (Heat wave) दर्ज होने की संभावना भी जताई गई है.
अधिकतम हिस्सों में तापमान 38-40 डिग्री
चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री, बाड़मेर और कोटा में 42.2 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 42.1 डिग्री और अलवर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. जोधपुर और फलोदी में 41.4 डिग्री, बीकानेर में 41 डिग्री और जयपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ चुका है. उत्तर-पश्चिम राजस्थान में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. तेज हवाओं के साथ धूल उड़ने की संभावना बनी हुई है, जिससे वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है.
चिलचिलाती धूप से बचने के उपाय कर रहे लोग
बढ़ती गर्मी और तेज धूप ने आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया है. लोग चिलचिलाती धूप से बचने के लिए छतरियां और गमछों का इस्तेमाल करते दिखे. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः भिवाड़ी में श्रमिकों के आंदोलन ने पकड़ा जोर! हजारों मजदूरों ने बंद किया काम; रिलैक्सो चौक पर किया चक्का काम