Weather Today in Rajasthan: राजस्थान में पिछले दो हफ्तों से हो रही बेमौसम ओलावृष्टि ने लोगों को परेशान कर रखा है. अब एक बार फिर अगले तीन दिनों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी हुआ है, खासकर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे इलाकों में. उत्तर भारत के पहाड़ों से ठंडी हवाएं आ रही हैं जिससे राज्य के बीचों-बीच हवा का एक घेरा बना हुआ है. इस घेराव के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाएं आपस में टकरा रही हैं. जब ये हवाएं मिलती हैं, तो बिजली कड़कती है, तेज आंधी चलती है और ओले गिरते हैं. इसके असर से मंगलवार को पूर्वी राजस्थान में बारिश हुई और उत्तरी हिस्सों में घने बादल छाए रहे. अब अगले तीन दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के लिए चिंताजनक हो सकते हैं. क्योंकि ओलावृष्टि और तेज आंधी खड़ी फसलों को बर्बाद कर रही है.
नागौर रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार कों राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गयी. तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाढ़मेर में 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नागौर में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दर्ज प्रेक्षण के अनुसार राज्य में आर्द्रता की औसत मात्रा 35 से 70 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 12.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 11.8 डिग्री, अलवर में 7.0 डिग्री, जयपुर में 11.6 डिग्री, पिलानी में 6.5 डिग्री, सीकर में 5.7 डिग्री, कोटा में 15.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 12.4 डिग्री, बाड़मेर में 12.9 डिग्री, जैसलमेर में 11.5 डिग्री, जोधपुर में 12.8 डिग्री, माउंट आबू में 7.7 डिग्री, बीकानेर में 10.3 डिग्री, चूरू में 7,4 डिग्री, श्री गंगानगर में 9.1 डिग्री, नागौर में 5.5 डिग्री, अंटा बारां में 14.9, जालौर में 11.3 डिग्री, सिरोही में 8.6 डिग्री, सीकर के फतेहपुर 5.8 डिग्री, करौली में 12.8 डिग्री, दौसा में 9.6 डिग्री और झुंझुनूं में 7.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
सात दिनों में तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मचाएंगे राजस्थान में शोर
भारत मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को चेतावनी दी थी कि अगले सात दिनों में तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं. इसका मतलब है कि अगले हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय प्रभाव के कारण दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग सहित आस-पास के कुछ क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इन इलाकों में आगामी एक दिन तक मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
यह भी पढ़ें; कोटा में कार से 49 किलो चांदी पकड़ी, मध्यप्रदेश नंबर की है गाड़ी; 2 युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ