Weather Today in Rajasthan: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही एक बार फिर ठंड का जोर बढ़ गया है. बुधवार को उत्तरी हवाओं के कारण जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू समेत कई शहरों में टेम्परेचर करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. वही, शेखावाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) में दर्ज हुआ. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों में राज्य में ठंडी हवाएं चलने, कोहरा छाए रहने और आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है.इससे न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी.
फतेहपुर रहा सबसे ठंडा
विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटो के दौरान राजस्थान में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा. इस दौरान कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा. वहीं अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.9 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.वहीं, दर्ज प्रेक्षण के अनुसार राज्य में आर्द्रता की औसत मात्रा 20 से 60 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई.
राजस्थान के प्रमुख जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 10.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 11.6 डिग्री, अलवर में 6.5 डिग्री, जयपुर में 11.2 डिग्री, पिलानी में 8.8 डिग्री, सीकर में 7.2 डिग्री, कोटा में 13.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 11.8 डिग्री, बाड़मेर में 14.1 डिग्री, जैसलमेर में 12.3 डिग्री, जोधपुर में 12.9 डिग्री, माउंट आबू में 8.0 डिग्री, बीकानेर में 11.8 डिग्री, चूरू में 9.9 डिग्री, श्रीगंगानगर में 9.2 डिग्री, नागौर में 6.3 डिग्री, डूंगरपुर में 16.6, जालौर में 11.8 डिग्री, सिरोही में 9.4 डिग्री, करौली में 9.0 डिग्री, दौसा में 7.7 डिग्री और झुंझुनूं में 9.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
8 फरवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने अनुमान लगाया है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, बुधवार को सक्रिय हुए एक कमज़ोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक सर्कुलेशन सिस्टम बन गया है. इसके असर से गुरुवार को भी कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहें. वहीं, भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से घना कोहरा रहने की उम्मीद है. IMD के मुताबिक, 8 फरवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिमी इलाके को प्रभावित करेगा. जिसके चलते अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में मिनिमम टेम्परेचर में थोड़ी बढ़ोतरी होगी.
यह भी पढ़ें: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत में नया मोड़, इंजेक्शन, गायब CCTV... कंपाउंडर के बयान से पुलिस चकराई