Rajasthan: महिला ने घर में आ रहे गंदे पानी को गिलास में भरकर विधायक को थमाया, कहा- पीयो इसे; MLA ने सूंघकर किया वापस

विधायक गोपाल शर्मा को घेरकर महिलाओं ने कहा, 'आप और अधिकारी AC कमरों में बैठते हो. जनता को मरने के लिए छोड़ दिया. हम शिकायत करते करते थक गए हैं. कोई नहीं सुन रहा.'

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
सिविल लाइन्स विधायक ने पानी से भरा गिलास सूंघ कर वापस किया.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सिविल लाइन्स इलाके को सबसे प्रतिष्ठित और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, क्योंकि यहां मुख्य रूप से राजस्थान सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायपालिका के सदस्यों का निवास स्थान है. वर्तमान में यहां 24 वार्ड हैं, जिनमें से कुछ जगहों पर बीते कुछ समय से दूषित पानी की समस्या की शिकायतें आ रही हैं. लोगों का आरोप है कि उनके घर में 'सीवेज का गंदा पानी' आ रहा है. पिछले कई दिनों से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं, शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई अधिकारी इस और ध्यान नहीं दे रहा है.

किस एरिया में आ रही समस्या?

वर्तमान में यहां से गोपाल शर्मा विधायक हैं. गुरुवार को जब उन्हें इस समस्या का पता चला तो वे खुद सुशीलपुरा के वार्ड नंबर 45 का निरीक्षण करने पहुंच गए. विधायक को अपने बीच देखते ही जनता का गुस्सा फूट पड़ा. सबसे पहले महिलाओं ने विधायक को घेर लिया और बीच सड़क पर हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताने लगीं. देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और लोग अपनी जेब से मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे. महिला ने कहा कि घर में सीवेज का पानी आ रहा है, जिसे सुनकर विधायक ने कहा कि मुझे दिखाओ. यह कहकर विधायक कुछ कदम ही चले थे कि गिलास में भरकर पानी उनके सामने ले आया गया.

Advertisement

'हमको लगा कि आपने पानी पीने को दिया है'

विधायक ने गिलास अपने हाथ में लिया. पानी को सूंघा और फिर वहां खड़े एक युवक से कहा, 'हमको लगा कि आपने पानी पीने को दिया है.' इसके बाद विधायक दोबारा पानी को सूंघने लगे. तभी भीड़ में मौजूद लोगों कहने लगे- 'आप इस पानी को पियो..हमने भी पिया है. इसे हम टंकी से निकालकर सीधा आपके पास लेकर आए हैं. आप एक बार इसे पीकर तो बताओ.' हालांकि विधायक ने पानी नहीं पिया. गिलास युवक को थमाया, उसके कंधे पर हाथ रखा और दिलासा देकर आगे बढ़ गए. 

सड़क का काम तेजी से पूरा करने की मांग

इस दौरान वार्ड की जनता ने वहां चल रहे सड़क कार्य को तेजी से पूरा करने की भी मांग की. भाजपा विधायक ने कहा कि इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और जल्द ही जल्द से इसका समाधान किया जाएगा. फिलहाल विधायक के इस निरीक्षण के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिन्हें देखकर लोग विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

सड़क खराब नहीं थी तो दोबारा क्यों बनाई?

विधायक गोपाल शर्मा का विरोध हुआ तो स्थानीय लोगों के बुलावे पर शाम को पूर्व मंत्री और सिविल लाइन के विधायक रहे प्रताप सिंह खाचरियावास भी मौके पर पहुंचे. खाचरियावास ने जायजा लिया तो लोगों ने बताया कि सड़क के काम के चलते सीवर और पानी की लाइन का कनेक्शन संभवतया आपस में कहीं जुड़ गया है और इसी के चलते पीएचडी की सप्लाई लाइन में गंदा पानी आया. इस पर खाचरियावास ने कहा कि उनके कार्यकाल में यह सड़क नई सिरे से बनी थी. अगर सड़क खराब नहीं हुई थी तो उसे फिर से बनाने की जरूरत क्या थी?

Advertisement

कुछ बच्चों की तबीयत भी बिगड़ी थी

इस दौरान जलदाय विभाग की टीम ने कहा कि वह लगातार  हालात पर नजर बनाए हुए हैं और कनेक्शन में जहां फाल्ट हुआ, उसे ढूंढ कर दुरुस्त करने की कोशिश कर रहे हैं. गंदे पानी से सुशीलपुरा में कुछ बच्चों की तबीयत खराब होने की बात भी सामने आई. शिकायत के बाद मेडिकल टीम भी सुशीलपुरा पहुंची और जांच कर दवाई दी.

ये भी पढ़ें:- हनुमान जयंती पर मेहंदीपुर बालाजी में 1100 किलो पंचामृत से हुआ महाभिषेक, हेलीकॉप्टर से भक्तों पर बरसे फूल

Advertisement