Dausa News: आस्था, अलौकिकता और उल्लास का अद्भुत संगम इस बार हनुमान जन्मोत्सव (Hanuman Janmotsav 2026) पर मेहंदीपुर बालाजी धाम (Mehandipur Balaji Temple Rajasthan) में देखने को मिला, जहां गुरुवार को भक्ति का सागर उमड़ पड़ा. दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने 'जय श्री राम' और 'जय बजरंगबली' के जयघोष के साथ पूरे धाम को भक्तिरस में डुबो दिया.
1100 किलो पंचामृत से महाभिषेक
सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों की भव्य श्रृंखला शुरू हुई, जिसमें बालाजी महाराज का 1100 किलो पंचामृत से महाभिषेक प्रमुख आकर्षण रहा. इस दिव्य अनुष्ठान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. वहीं 151 कन्याओं का पूजन एवं भोजन कराकर सनातन परंपरा की जीवंत मिसाल पेश की गई.
हेलीकॉप्टर से भक्तों पर पुष्प वर्षा
आयोजन में उस क्षण ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया जब हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई. आसमान से बरसते फूलों ने पूरे धाम को सुगंधित आस्था की चादर में लपेट दिया. हाथी-घोड़ों की मौजूदगी ने आयोजन को राजसी वैभव प्रदान किया और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे.
बालाजी महाराज की महाआरती
महापर्व का मुख्य आकर्षण बालाजी महाराज की महाआरती रही, जिसे पीठाधीश्वर डॉ. नरेशपुरी महाराज ने पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया. आरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया और जयघोषों से गूंज उठा.
5 राज्यों से उमड़ी भक्तों की भीड़
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिसने रात के समय अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया. राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ.

हनुमान जयंती के मौके पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़.
Photo Credit: NDTV Reporter
ये भी पढ़ें:- हनुमान जयंती पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर की सजावट देख दंग रह जाएंगे आप, दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब