India vs Bangladesh: भारत को बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप के सुपर-4 चरण में 6 रन से हार सामना करना पड़ा है. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मैच में 265 रन बनाए थे और टीम को जीत के लिए 266 रनों की जरुरत थी. टीम इंडिया के लिए गिल ने शतक लगाया और अक्षर पटेल ने 44 रनों की पारी खेली, लेकिन यह दोनों बल्लेबाज टीम को जीत नहीं दिला पाए और बांग्लादेश ने भारत को 259 के स्कोर पर ऑल-आउट कर सुपर-4 चरण की अपनी पहली जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत किया. वहीं भारत अब 17 सितंबर को फाइनल में श्रीलंका का सामना करेगी.
बांग्लादेश से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. टीम इंडिया को रोहित शर्मा के रुप में पहला झटका लगा. रोहित शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन वापस लौटे. रोहित शर्मा का विकेट तंज़ीम हसन ने हासिल किया. तंजीम ने इसके बाद तिलक वर्मा को भी पवेलियन की राह दिखाई. भारत को एक के बाद एक करके झटके लगते रहे. हालांकि, गिल ने एक छोर संभाले रखा और अपना शतक पूरा किया.
बांग्लादेश के खिलाफ पहले गेंदबाजी चुनने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया और शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल विकेट लेने में सफल रहे. इसके बाद शाकिब और तौहीद हिरदॉय ने पांचवे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. शाकिब ने इस दौरान अपने वनडे करियर का 55वां अर्द्धशतक भी लगाया. शुरुआती झटके लगने के बाद बांग्लादेश वापसी करने में सफल रही, लेकिन फिर शार्दुल ठाकुर ने आकर शाकिब-तौहीद के बीच हुई शतकीय साझेदारी को तोड़ा. बांग्लादेश ने भारत को जीत के लिए 266 रनों का लक्ष्य दिया.