विज्ञापन

अजमेर में दहेज और संतान न होने पर पत्नी की हत्या, फांसी का ड्रामा रचकर बचने की थी कोशिश

राजस्थान के नसीराबाद में विवाहित महिला सोनिया की संदिग्ध मौत का खुलासा हुआ. पति जयंत ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी, फिर फांसी का झूठा नाटक किया.

अजमेर में दहेज और संतान न होने पर पत्नी की हत्या, फांसी का ड्रामा रचकर बचने की थी कोशिश
मृत्तका सोनिया
NDTV

Nasirabad Murder Case: राजस्थान के अजमेर जिले के नसीराबाद में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है, जिससे 'सुसाइड' का झूठा नाटक टूट गया. शादी के 18 महीने बाद पति जयंत ने अपनी पत्नी सोनिया की बेरहमी से हत्या कर दी थी और इसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की थी. लेकिन पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

 'चुनरी' से घोंटा गला

मामले की जांच कर रहे नसीराबाद वृत्ताधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि आरोपी पति जयंत खनगवाल  ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उसने बताया कि वारदात की रात में आपसी अनबन , संतान की डिमांड और दहेज को लेकर उसकी सोनिया  से बहस हो गई थी. बात इतनी बढ़ी की उसने अपना आपा खोते हुए  काली रंग की चुनरी से सोनिया का गला घोंट दिया. जिससे उसकी मौके पर मौत ही हो गई. 

 फिर रचा फांसी का ड्रामा

वहीं पकड़े जाने के डर से उसने शव को फांसी के फंदे पर लटकाकर इसे खुदकुशी का चेहरा देने की कोशिश की.  जांच अधिकारी ने यह भी बताया कि मृतक के कोई संतान नहीं हो रही थी जिसकी वजह से उसे ससुराल वालों की तरफ से प्रताड़ित किया जा रहा था. साथ ही बार-बार दहेज की डिमांड भी लड़की और लड़की के घर वालों से की जा रही थी. जिससे मृतका काफी परेशान थी.

FSL और वैज्ञानिक साक्ष्यों से टूटा झूठ का किला

ससुराल वाले 28 मई को हुई मौत को सुसाइड बता रहे थे. लेकिन, मृतका के परिवार वालों को कुछ शक था और उन्होंने पुलिस में केस दर्ज कराया. जिला पुलिस अधीक्षक के कहने पर बनी एक स्पेशल टीम ने मौके से साइंटिफिक और हालात के सबूत इकट्ठा किए। पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट से यह साफ हो गया कि सोनिया ने सुसाइड नहीं किया था, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी.

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति जयंत, उसके पिता सुभाष चंद, उसकी मां मंजू देवी और उसकी बहन लीना को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. वहां से उन्हें आज यानी महीने की 3 तारीख को पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है.

दहेज प्रताड़ना और संतान न होने का ताना बना वजह

जांच अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि 22 नवंबर 2024 को ब्याही गई सोनिया की इस दर्दनाक मौत के पीछे दहेज प्रताड़ना और संतान न होने का ताना भी एक मुख्य वजह बताया जा रहा है.  फिलहाल पुलिस केस की चार्जशीट फाइल करने में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई? जहर खाने से पहले ट्रोलर्स को दी थी चेतावनी


 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close