विज्ञापन

भीलवाड़ा में पति की हैवानियत, शक में गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा, जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाकर ली जान

Rajasthan news: राजस्थान के भीलवाड़ा में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. पति ने शक के चलते गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा और जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाईं.

भीलवाड़ा में पति की हैवानियत, शक में गर्भवती पत्नी को  बेरहमी से पीटा, जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाकर ली जान
Bhilwara Crime news
NDTV

Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां ब्रह्म निवास कॉलोनी में एक पति ने अपनी 5 माह की गर्भवती पत्नी के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे जबरन गर्भपात की गोलियां खिला दीं. इस क्रूरता के चलते महिला का मौके पर ही गर्भपात हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव  होने के कारण ईलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

चरित्र पर शक बना हत्या का कारण

पुलिस के अनुसार, मृतका रोली देवी (41) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति गोपी यादव के साथ हमीरगढ़ में रह रही थी. आरोपी पति,बीएसएल फैक्ट्री में मजदूरी करता है. उसकी यह दूसरी शादी थी. अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. बुधवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहा सुनी शुरू हो गई, जिसमें आरोपी ने आपना आपा खोते हुए मृतका के साथ मारपीट की फिर उसे जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाई जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मासूम बच्चों के सामने की दरिंदगी

घटना के समय घर में मृतका के चार बच्चे मौजूद थे. 14 वर्षीय बेटी अंकिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे थे और बच्चों के सामने ही इस भयावह कृत्य को अंजाम दिया. पुलिस ने बेटी के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है. चिकित्सकों के अनुसार भ्रूण 5 माह का था. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि या तो भ्रूण को हाथ से खींचकर निकाला गया है या फिर पेट पर किसी तरह दबाव डालकर बच्चे के बाहर आने के बाद नाल काटकर उसे खींचकर अलग किया गया हो.

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक महिला के साथ मारपीट हुई है और वह जिला चिकित्सालय में भर्ती है, मौके पर पहुंची उससे पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया था. हमने घटनास्थल का जायजा लिया. एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. मृतका की बेटी अंकिता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता गोपी सिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस दुखद घटना ने चार मासूम बच्चों को अनाथ कर दिया है। पुलिस ने फिलहाल चारों बच्चों को 'सखी केंद्र' के सुपुर्द किया है और उत्तर प्रदेश में मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, ब्रह्म निवास कॉलोनी में इस घटना के बाद से ही सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें; Rajasthan: गैंगस्टर रोहित गोदारा के इशारे पर कांग्रेस नेता के घर हुई फायरिंग, वीडियो कॉल कर पहले की थी लोकेशन कन्फर्म

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com