विज्ञापन
This Article is From Feb 17, 2026

जोधपुर: फाइनेंस कंपनी की आड़ में करोड़ों का खेल, अहमदाबाद कारोबारी समेत चार गिरफ्तार

राजस्थान के जोधपुर में फाइनेंस कंपनी की आड़ में चल रहे हवाला कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारकर 77.80 लाख रुपए नकद जब्त किए और अहमदाबाद के कारोबारी समेत चार युवकों को हिरासत में लिया है.

जोधपुर: फाइनेंस कंपनी की आड़ में करोड़ों का खेल, अहमदाबाद कारोबारी समेत चार गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Health News: राजस्थान के जोधपुर में हवाला के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. जोधपुर कमिश्नरेट की जिला पश्चिम डीएसटी टीम की सूचना पर सरदारपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 77 लाख 80 हजार 100 रुपए नकद बरामद किए हैं. इस मामले में अहमदाबाद के एक कारोबारी समेत चार युवकों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है.

फ्लैट में चल रहा था फर्जी फाइनेंस कारोबार

थानाधिकारी जयकिशन सोनी के अनुसार डीएसटी को सूचना मिली थी कि सरदारपुरा सी रोड स्थित एक फ्लैट में हवाला के जरिए बड़ी रकम का लेनदेन हो रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फ्लैट पर दबिश दी. जांच में सामने आया कि पंचवटी रेजिडेंसी नरोडा थाना कृष्णा नगर अहमदाबाद निवासी दिनेश जायसवाल ने फ्लैट किराए पर लिया हुआ था. यहां वह आरके फाइनेंस के नाम से कंपनी चला रहा था और उसी की आड़ में हवाला कारोबार संचालित कर रहा था.

मौके से भारी नकदी बरामद

पुलिस टीम को फ्लैट से 77 लाख 80 हजार 100 रुपए नकद मिले. इतनी बड़ी राशि देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. नकदी को जब्त कर कट्टे में भरकर थाने लाया गया. रकम गिनने में पुलिस को काफी समय लगा. मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है ताकि आर्थिक अपराध के पहलू से भी जांच की जा सके.

चार युवक हिरासत में

पुलिस ने दिनेश जायसवाल के साथ सिंधीपुरा पीपाड़ शहर निवासी अब्दुल रहमान पुत्र यासीन खान मोगड़ा थाना विवेक विहार निवासी दीपक पुत्र गेनाराम पटेल और कुड़ी भगतासनी क्षेत्र निवासी शिवम पुत्र कैलाश को भी डिटेन किया है. सभी से पूछताछ जारी है.

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम कहां से आई और किसे भेजी जानी थी. हवाला नेटवर्क के अन्य जुड़े लोगों की भी तलाश की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला बड़ा होने की आशंका जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें- दिल और दिमाग का खास ख्याल रखता है ये छोटा सा ड्राई फ्रूट, सुपरफूड के लाभ अनेक 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com