Rajasthan News: राजस्थान में कोटा के आरके पुरम थाना इलाके के आंवली रोजड़ी में दो दिन पहले हुई रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा की संदिग्ध मौत का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी. पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी दीपिका, उसके प्रेमी देवेश और प्रेमी के साथी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है.
पड़ोसियों की सजगता से खुला राज
घटना 1 मई 2026 की है. आरोपियों ने रात के अंधेरे में मनोज की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बिस्तर पर इस तरह लिटा दिया जैसे उसकी सामान्य मौत हुई हो. आरोपी सुबह गुपचुप तरीके से दाह संस्कार करने की तैयारी में थे. लेकिन पड़ोसियों को मनोज के गले पर चोट के निशान देखकर शक हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जिसमें गला घोंटने की पुष्टि हुई.
बेवफाई और साजिश का खौफनाक अंत
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के अनुसार, रिटायर्ड फौजी मनोज और उसकी पत्नी दीपिका के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी. इसी बीच दीपिका के संबंध देवेश शर्मा नाम के युवक से हो गए. प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए दीपिका ने देवेश और उसके दोस्त विष्णु सिंह राठौड़ के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से तीनों को दबोच लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके.
यह भी पढ़ें-