विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

AGTF की बड़ी कार्रवाई, तीन साल से फरार 15 हजार का इनामी तस्कर हत्थे चढ़ा

राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने तीन साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पंजाब से गुजरात तक अवैध शराब सप्लाई करता था और लगातार लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था.

AGTF की बड़ी कार्रवाई, तीन साल से फरार 15 हजार का इनामी तस्कर हत्थे चढ़ा
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे धरपकड़ अभियान में तीन साल से फरार 15 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया. पूरी कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस एवं एजीटीएफ दिनेश एमएन के निर्देशन में की गई.

पुख्ता सूचना पर बीकानेर में दबिश

जानकारी के अनुसार बनवारी लाल विश्नोई उर्फ अभिषेक निवासी रासीसर थाना नोखा जिला बीकानेर लंबे समय से फरार था. 21 फरवरी को एजीटीएफ के कांस्टेबल मगनाराम को सूचना मिली कि आरोपी अपने इलाके में देखा गया है. इसके बाद एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में डीएसपी फूलचंद टेलर व एएसआई राकेश जाखड़ के नेतृत्व में टीम रवाना की गई.

बस स्टैंड से गिरफ्तारी

टीम जब नोखा पहुंची तो पता चला कि आरोपी गांव के पास बस स्टैंड पर है. पुलिस गाड़ियों को देखकर उसने भागने की कोशिश की लेकिन पहले से तैयार एजीटीएफ और स्थानीय पुलिस ने उसे घेर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सिणधरी जिला बालोतरा पुलिस को सौंप दिया गया.

पंजाब से गुजरात तक फैला नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि बनवारी लाल शराब तस्करी का मास्टरमाइंड है. वह पंजाब से अंग्रेजी शराब की खेप फर्जी नंबर प्लेट वाले ट्रकों से गुजरात भेजता था. जुलाई 2023 में सिणधरी पुलिस ने एक ट्रक से 924 कार्टून अवैध शराब और 183 कार्टून बीयर जब्त की थी. उस खेप को आरोपी ने ही लोड करवाया था और ड्राइवर राजूराम के जरिए सप्लाई करवाई थी. तीन साल तक वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा.

टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में डीएसपी फूलचंद टेलर के नेतृत्व में एएसआई राकेश जाखड़, कांस्टेबल मगनाराम, सुनील और सुमेर सिंह की खास भूमिका रही. एजीटीएफ अब प्रदेश के अन्य बड़े गैंगस्टरों और तस्करों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है.

यह भी पढ़ें- MP के व्यक्ति ने राजस्थान की वन भूमि पर लगाई अवैध अफीम, पुलिस ने सीज किए 2226 पौधे

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com