विज्ञापन

Rajasthan: ऑटो में जा रही युवती का पीछा कर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर डाला; पुलिस महकमे में हड़कंप

Rajasthan News: करौली के सपोटरा में इंस्टाग्राम रील बनाने के चक्कर में एक युवक ने ऑटो में जा रही लड़की का पीछा किया. वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Rajasthan: ऑटो में जा रही युवती का पीछा कर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर डाला; पुलिस महकमे में हड़कंप
प्रतीकात्म तस्वीर

Karauli News: राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक के जरिए ऑटो रिक्शा में जा रही युवती का पीछा करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और सरकार की कानून व्यवस्था पर उंगलियां उठने लगी हैं.

 ऑटो रिक्शा में सवार एक युवती का किया पीछा

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 'abhishek_sapotra_55' नाम की आईडी से एक वीडियो शेयर किया गया. इस वीडियो में एक युवक सरेराह एक ऑटो रिक्शा का पीछा करता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें एक युवती सवार है. युवक न सिर्फ पीछा कर रहा है, बल्कि निर्भीकता के साथ इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड भी कर रहा है. 

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

इस घटना का वीडियो ट्विटर (X) पर 'सूरज कुमार बुद्ध' नामक यूजर के जरिए साझा किया गया था. उनके इस वीडियो पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. एक यूजर ने कहा कि  राजस्थान में बेटियां अब सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडे दिन-दहाड़े लड़कियों को परेशान कर रहे हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं है. ट्वीट में जयपुर और आसपास के इलाकों को लड़कियों के लिए असुरक्षित बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.

वीडियो से युवक की तलाश में जुटी पुलिस

शुरुआत में इस मामले से अनभिज्ञता जताने के बाद, अब पुलिस महकमा हरकत में आ गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी लोकेश सोनवाल, एएसपी गुमानाराम जाट और सपोटरा थानाधिकारी अवजीत सिंह ने संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा है कि वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी.  महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें; किरोड़ी लाल के आवास तक पहुंचा तकनीकी सहायकों का प्रदर्शन, मंत्री ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close