Karauli News: राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक के जरिए ऑटो रिक्शा में जा रही युवती का पीछा करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी काफी उंगलिया उठ रही थी. इसी मामले में अब पुलिस ने आरोपी को डिटेन किया है.
पुलिस की हिरासत में आरोपी
सपोटरा के ऑटो रिक्शा में सवार युवती के वायरल वीडियो के बाद मामले में लगातार कार्रवाई की मांग उठ रही थी. इसी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी abhishek_sapotra_55 को डिटेन कर लिया है. जिसकी आईडी से इस वीडियो को अपलोड किया गया था. मामले को लेकर एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि आरोपी को सेंगरपुरा क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही वीडियो में शामिल अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर उन्हें डिटेन करने की प्रक्रिया जारी है. यह कार्रवाई सपोटरा सीओ सुनील कुमार और थानाधिकारी अवजीत सिंह के नेतृत्व में की गई. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है .
6 अप्रैल को बनाया था वीडियो
सपोटरा थानाधिकारी अवजीत सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने वायरल वीडियो रिंगस के खाटूश्याम का बताया है. उसने पूछताछ में बताया कि उसके साथी अलग अलग क्षेत्र के है उनसे संबंधित थानाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है. जिनके डिटेन की प्रक्रिया जारी. आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ अवकेश के रुप में हुई जो 19 साल का है. उसने यह वीडियो 6 अप्रैल को बनाया था जिसे उसने 7 अप्रैल को इंस्ट्राग्राम पर अपलोड किया था. जब इसने वीडियो वायरल होने और पुलिस की जांच का पता लगा तो उसने इसे डिलीट कर दिया था.
ऑटो रिक्शा में सवार एक युवती का किया पीछा
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 'abhishek_sapotra_55' नाम की आईडी से एक वीडियो शेयर किया गया. इस वीडियो में अभिषेक सरेराह एक ऑटो रिक्शा का पीछा करता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें एक युवती सवार है. युवक न सिर्फ पीछा कर रहा है, बल्कि निर्भीकता के साथ इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड भी कर रहा है.
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
इस घटना का वीडियो ट्विटर (X) पर 'सूरज कुमार बुद्ध' नामक यूजर के जरिए साझा किया गया था. उनके इस वीडियो पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. एक यूजर ने कहा कि राजस्थान में बेटियां अब सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडे दिन-दहाड़े लड़कियों को परेशान कर रहे हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं है. ट्वीट में जयपुर और आसपास के इलाकों को लड़कियों के लिए असुरक्षित बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.
वीडियो से युवक की तलाश में जुटी पुलिस
शुरुआत में इस मामले से अनभिज्ञता जताने के बाद, अब पुलिस महकमा हरकत में आ गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी लोकेश सोनवाल, एएसपी गुमानाराम जाट और सपोटरा थानाधिकारी अवजीत सिंह ने संज्ञान लिया था. उन्होंने कहा था कि वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी.
यह भी पढ़ें; किरोड़ी लाल के आवास तक पहुंचा तकनीकी सहायकों का प्रदर्शन, मंत्री ने जल्द समाधान का दिया भरोसा