Delhi News: भारत की राजधानी दिल्ली के हाई-प्रोफाइल वेन्यू 'भारत मंडपम' में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के कुछ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रदर्शन किया. यह घटना 'India AI Impact Summit 2026' के दौरान हुई, जहां दुनिया भर के प्रतिनिधि भविष्य की तकनीक पर चर्चा के लिए जुटे थे. प्रदर्शनकारियों ने अपनी शर्ट उतारकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की. दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.
विरोध की वजह क्या है?
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भारत सरकार 'इंडो-यूएस ट्रेड डील' को लेकर विदेशी और कॉरपोरेट दबाव के आगे झुक गई है. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री को कॉम्प्रोमाइज पीएम बताते हुए कहा कि वे देश के हितों के साथ समझौता नहीं होने देंगे. इस प्रदर्शन से पहले कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस समिट के आयोजन पर सवाल उठाए हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसे एक 'पीआर तमाशा' करार दिया है, जबकि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समिट में कुप्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया है.
#WATCH | Delhi: Indian Youth Congress workers staged a topless protest and chanted anti-Modi slogans at Bharat Mandapam
— ANI (@ANI) February 20, 2026
(Source: Indian Youth Congress) pic.twitter.com/WCZgCMwkFZ
सुरक्षा पर गहराते सवाल
भारत मंडपम को देश के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है, जहां प्रवेश के लिए बायोमेट्रिक्स और QR कोड आधारित पास की अनिवार्य व्यवस्था है. दिल्ली पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि प्रदर्शनकारी इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद मुख्य परिसर के इतने करीब कैसे पहुंचे? पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों के पास और एंट्री क्रेडेंशियल्स की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सुरक्षा में चूक थी या नियमों का उल्लंघन.
बीजेपी हुई हमलावर
इस घटना ने देश में एक नया राजनीतिक विवाद छेड़ दिया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस प्रदर्शन की तीखी आलोचना की है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी पर शर्म आती है. राहुल गांधी के निर्देश पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय एआई शिखर सम्मेलन में हंगामा किया. कांग्रेस शहरी नक्सलियों की तरह व्यवहार कर रही है. कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए.'
ये भी पढ़ें:- किशनगढ़ के प्लास्टिक वेस्टेज गोदाम में लगी भीषण आग, अजमेर से बुलाई गईं दमकलें; धुएं के गुबार से ढका आसमान!