विज्ञापन

100 करोड़ का बजट, खर्च सिर्फ 2.83 लाख; टीकाराम जूली ने राजस्थान की भाजपा सरकार को घेरा

जूली ने कहा कि क्या महाराणा प्रताप के नाम पर केवल राजनीति की जाएगी या धरातल पर विकास भी दिखेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के बड़े दावे कागजों तक सीमित हैं.

100 करोड़ का बजट, खर्च सिर्फ 2.83 लाख; टीकाराम जूली ने राजस्थान की भाजपा सरकार को घेरा

Rajasthan News: जयपुर में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भजनलाल सरकार पर हमला बोला. प्रश्नकाल के दौरान जूली ने मंत्रियों के जवाबों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बिना तैयारी और ठोस तथ्यों के सदन में आ रही है. प्रश्नकाल में महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट विकास योजना का मुद्दा उठाते हुए जूली ने बजट आंकड़ों का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 के बजट में 100 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन फरवरी 2026 तक मात्र 2 लाख 83 हजार रुपये ही खर्च किए गए हैं. उन्होंने सवाल किया कि दो साल में 100 करोड़ के मुकाबले इतना कम खर्च क्या सरकार की नीयत और कार्यशैली पर सवाल नहीं उठाता.

जूली ने कहा कि क्या महाराणा प्रताप के नाम पर केवल राजनीति की जाएगी या धरातल पर विकास भी दिखेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के बड़े दावे कागजों तक सीमित हैं.

मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के आंकड़ों पर सवाल

इससे पहले चूरू विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों से जुड़े पूरक प्रश्न पर भी सदन में हंगामा हुआ. पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के प्रस्तुत आंकड़ों पर जूली ने आपत्ति जताई.

जूली ने कहा कि सरकार का दावा है कि तीन यूनिट्स ने 15 फरवरी तक 36,549 पशुओं का इलाज किया. उन्होंने इसे व्यावहारिक रूप से असंभव बताते हुए कहा कि एक दिन में एक यूनिट कितने पशुओं का उपचार कर सकती है, इसका गणित स्पष्ट होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सदन को गुमराह करने के लिए फर्जी आंकड़े पेश किए जा रहे हैं और इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए.

सरकार पर बिना तैयारी के आने का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सरकार के पास न तो स्पष्ट कार्ययोजना है और न ही पुख्ता तथ्य. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष पूरी तैयारी के साथ सरकार की जवाबदेही तय कर रहा है और सदन से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दे उठाता रहेगा.

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close