विज्ञापन
This Article is From Jun 26, 2025

Khatusyamji: 187.87 करोड़ मिलने के बाद भी खाटूश्‍यामजी कॉरिडोर बनने का काम अटका, जानें कहां आ रही रुकावट

Khatusyamji: खाटूश्‍यामजी कॉर‍िडोर के ल‍िए 100 करोड़ का बजट पास हुए एक साल पूरे हो चुके. लेक‍िन, अभी तक काम शुरू नहीं हो सका.

Khatusyamji: 187.87 करोड़ मिलने के बाद भी खाटूश्‍यामजी कॉरिडोर बनने का काम अटका, जानें कहां आ रही रुकावट
खाटूश्यामजी काॅरिडोर का निर्माण के लिए अभी स्पष्ट डेटलाइन जारी नहीं हुआ. (फाइल फोटो)

Khatusyamji Corridor: देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र खाटूश्यामजी में प्रस्तावित श्रद्धा कॉरिडोर को लेकर बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर 187.87 करोड़ की मंजूरी के बावजूद अब तक जमीन पर काम क्यों नहीं दिख रहा? राज्य बजट 2024 में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार ने खाटू धाम के लिए 100 करोड़ रुपये की घोषणा की थी. इसके अलावा केंद्र की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत 87.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है. यानी कुल 187.87 करोड़ का बजट फाइनल हो चुका है. 

डीपीआर में संशोधन

पहले बनी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को केंद्र सरकार की गाइडलाइनों के अनुरूप फिर से संशोधित किया गया है. इसमें कॉरिडोर का डिजाइन, पर्यावरण संतुलन, धार्मिक पर्यटन के अनुकूल कार्यों को शामिल किया गया है. शुरुआती अनुमान के अनुसार,  2025 की गर्मियों तक टेंडर जारी हो जाना था, लेकिन अब तक कोई फाइनल टेंडर फ्लोट नहीं हुआ है. तकनीकी मूल्यांकन, भूमि सीमांकन और कुछ प्रशासनिक स्वीकृतियों में समय लग रहा है. कॉरिडोर निर्माण के लिए कुछ क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की जरूरत है. कुछ मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय दुकानदारों से बातचीत अभी लंबित है. 

परियोजना में ये शामिल 

परियोजना में मंदिर के चारों तरफ एक प्राकृतिक, श्रद्धा आधारित कॉरिडोर, जिसमें पर्यटक सुविधाएं, पैदल यात्री पथ, शुद्ध पेयजल, डिजिटल गाइडेंस और तीर्थ यात्री रुकने की व्यवस्था शामिल है. भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर भी नया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर प्रस्तावित है. 

कोई डेटलाइन स्पष्ट नहीं घोषित हुई   

काम कब से शुरू होगा इसे लेकर फिलहाल सरकार की ओर से कोई स्पष्ट डेटलाइन घोषित नहीं की गई है. पर्यटन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो सकती है, जिसके बाद वास्तविक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 से शुरू हो सकता है. 

अभी करना होगा इंतजार 

खाटूश्यामजी कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन के लिहाज से एक मील का पत्थर साबित हो सकता है, लेकिन फिलहाल यह परियोजना प्रशासनिक देरी, तकनीकी संशोधन और स्थानीय सहमति के मोर्चे पर अटकी हुई है. श्रद्धालुओं को थोड़ा और इंतजार करना होगा, जब तक सरकार काम की स्पष्ट टाइमलाइन घोषित नहीं कर देती. 

2021 का मास्टर प्लान ही नहीं हो सका लागू  

अभी व्यापार मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति, ज़मीन अधिग्रहण और और 2021 से 2041 तक का खाटू के लिए जोर मास्टर प्लान जो बना हुआ है वह भी अभी तक लागू नहीं हो पा रहा है , ऐसे में कॉरिडोर के लिए बहुत सारी समस्या सामने आ सकती हैं.  बुधवार को डिप्‍टी सीएम द‍िया कुमारी ने कहा क‍ि बाबा श्याम की नगरी के लिए जल्द ही कॉरिडोर का कार्य शुरू होगा.

यह भी पढ़ें: 'केंद्र से पैसा लाए हैं', दिया कुमारी बोलीं- खाटूश्यामजी में जल्द शुरू होगा कॉरिडोर बनाने का काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com