विज्ञापन

नवनेरा बैराज से 4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना; प्रशासन अलर्ट

प्रशासन की नजर चंबल के जलस्तर और नदी से सटे निचले इलाकों पर बनी हुई है. जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव के इंतजाम किए जाने की तैयारी की जा रही है. 

नवनेरा बैराज से 4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना; प्रशासन अलर्ट
धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ गया.
NDTV Reporter

चंबल नदी की सहायक नदी कालीसिंध पर बने नवनेरा बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद धौलपुर में चंबल नदी के जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है. नवनेरा बैराज से करीब 4 लाख 15 हजार क्यूसेक पानी रिलीज किए जाने की सूचना है. इसके चलते धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर आज देर शाम तक तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. 

गांवों में सतर्कता बरतने के निर्देश 

प्रशासन के अनुसार, पानी की आवक बढ़ने के बाद चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब तीन मीटर ऊपर पहुंच सकता है. संभावित बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी के तटीय इलाकों और आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. 

तटीय क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी

चंबल नदी के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है. संबंधित तहसीलदार, पटवारी, गिरदावर और ग्राम पंचायतों के सरपंचों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के लिए पाबंद किया गया है. अधिकारियों और कर्मचारियों को नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. 

लोगों से नदी से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने चंबल नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है. ग्रामीणों को विशेष रूप से बच्चों और मवेशियों को नदी के किनारे जाने से रोकने के लिए कहा गया है. प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई है. 

यह भी पढ़ें: राजस्‍थान में झमाझम बार‍िश,  झालावाड़ में 300 मिलीमीटर बरसात; IMD की नई भव‍िष्‍यवाणी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com