विज्ञापन
This Article is From Mar 07, 2026

Sariska Tiger Reserve: गर्मी बढ़ते ही वाटर पॉइंट पर उतरा बाघिन ST-19 का कुनबा, 4 शावकों के साथ 30 मिनट तक पर्यटकों को दिए पोज

राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में शुक्रवार की शाम विदेशी सैलानियों के लिए 'जैकपॉट' साबित हुई. बाला किला बफर क्षेत्र के लिवरी ट्रैक पर बाघिन ST-19 अपने चार जवान शावकों के साथ पानी में अठखेलियां करती दिखी. 30 मिनट तक चले इस 'टाइगर शो' ने पर्यटकों को रोमांचित कर दिया.

Sariska Tiger Reserve: गर्मी बढ़ते ही वाटर पॉइंट पर उतरा बाघिन ST-19 का कुनबा, 4 शावकों के साथ 30 मिनट तक पर्यटकों को दिए पोज
एक साथ दिखे 5 बाघ तो विदेशी पर्यटकों की थम गई सांसें.
NDTV Reporter

Alwar News: राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों को खुश कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. सरिस्का के बाला किला बफर क्षेत्र में शुक्रवार शाम सफारी पर निकले विदेशी पर्यटकों का सामना एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 5 टाइगर से एक साथ हो गया. बाघिन ST-19 अपने चार शावकों के साथ वाटर पॉइंट पर मस्ती करती नजर आई, जिसे देख पर्यटकों की सांसें थम गईं.

लिवरी ट्रैक पर दिखा टाइगर कुनबा

सफारी गाइड आकाश पारीक ने बताया कि शुक्रवार शाम चार विदेशी पर्यटक बफर क्षेत्र के लिवरी सफारी ट्रैक पर भ्रमण के लिए निकले थे. जैसे ही उनकी जिप्सी वाटर पॉइंट के पास पहुंची, वहां का नजारा अद्भुत था. बाघिन ST-19 अपने चारों शावकों के साथ वहां मौजूद थी. गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही ये बाघ प्यास बुझाने और खुद को ठंडा रखने के लिए पानी के स्रोत के पास आए थे.

30 मिनट तक चला रोमांचक 'पोजिंग सेशन'

विदेशी पर्यटकों के लिए यह पल किसी सपने जैसा था. उन्होंने बताया कि वे पहली बार टाइगर देखने आए थे और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि एक साथ पूरा परिवार दिखेगा. बाघिन के चारों शावक अब काफी बड़े हो चुके हैं और पूरे टाइगर की तरह नजर आते हैं. शावक पानी के बीच करीब 30 मिनट तक एक-दूसरे के साथ अठखेलियां करते रहे, जबकि बाघिन पास ही शांत बैठकर उन पर नजर रख रही थी.

गाइड और ड्राइवर का जताया आभार

इस रोमांचक दीदार के बाद विदेशी सैलानियों ने गाइड आकाश पारीक और ड्राइवर गणेश का विशेष आभार व्यक्त किया. पर्यटकों ने अपने कैमरों में बाघों की इन दुर्लभ अठखेलियों को कैद किया. वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि सरिस्का में बाघों का कुनबा बढ़ना पर्यटन के लिहाज से बेहद सुखद संकेत है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में शहीद के घर से 'अशोक चक्र' चोरी, अनूपगढ़ पुलिस ने 17 केस वाले हिस्ट्रीशीटर को दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com