राजस्थान के अजमेर जिले में एक बहुत ही हैरान कर देनेवाला मामला सामने आया है जिसमें परीक्षा के दौरान ही एक छात्र ने मोबाइल से रील बना दिया. यह घटना अजमेर के गोडियावास क्षेत्र के एक स्कूल की है. वहां 11वीं की परीक्षा के दौरान एक छात्र के वीडियो बना लेने की घटना को लेकर हड़कंप मच गया है. इसके बाद अब शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा है कि इस संबंध में जांच समिति गठित कर कार्रवाई की जा रही है.
परीक्षा के दौरान रील बनाई
अजमेर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोडियावास में वीडियो बनाने की घटना 11 मार्च की बताई जा रही है. उस दिन वहां 11वीं की परीक्षा हो रही थी. इसी परीक्षा में एक छात्र ने न सिर्फ परीक्षा दी, बल्कि उसी समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो अब वायरल हो रहा है. इसमें दिखता है कि क्लास में परीक्षा चल रही है और छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में पेपर दे रहे हैं.
इसी बीच एक छात्र अपनी आंसर शीट उठाता है और उसे अपने हाथ में लेकर वीडियो बनाने लगता है. उसके चेहरे पर मुस्कुराहट है और वह मोबाइल फोन को घुमाकर वीडियो बनाता है जिससे उसका भी चेहरा रिकॉर्ड हो जाता है. ऐसा बताया जा रहा है कि छात्र ने “एग्जाम प्रेशर” को हल्का करने के अंदाज में यह रील बना डाली.
प्रिंसिपल की सफाई
साथ ही स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया है कि यह घटना कैसे हो गई. प्रिंसिपल ने कहा कि इस घटना के संबंध में क्लास में परीक्षा के दौरान निगरानी करनेवाली महिला शिक्षिका से पूछा गया. शिक्षिका का कहना है कि वह कुछ देर के लिए वॉशरूम गई थी और इसी बीच छात्र ने वीडियो बना लिया.
यह वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा की गंभीरता पर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल पहुंचा कैसे? आमतौर पर बोर्ड और स्कूल परीक्षाओं में मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होता है, इसके बावजूद छात्र द्वारा खुलेआम रील बनाना निगरानी व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने घटना की पूरी जांच शुरू कर दी है.
देखिए वीडियोः-