विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2026

ACB Action: 50000 रुपये रिश्वत लेते ट्रैप हुआ सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, 2 लाख रुपये की घूस की थी डील

अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया.

ACB Action: 50000 रुपये रिश्वत लेते ट्रैप हुआ सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, 2 लाख रुपये की घूस की थी डील
अधीक्षण अभियंता बाबूलाल

ACB Aciton Ajmer: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) लगातार घूसखोर कर्मचारियों पर शिकंजा कसने की रणनीति पर काम कर रहा है. ऐसे में एसीबी की टीम ने सोमवार (16 फरवरी) को अजमेर में बड़ी कार्रवाई की है. एसीबी ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) बाबूलाल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार किया. कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर अजमेर इकाई द्वारा की गई.

2 लाख रुपये रिश्वत की डील

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसकी फर्म को पूर्व में जारी किए गए वर्क ऑर्डर के एवज में अभियंता द्वारा कुल 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई. तय योजना के अनुसार 16 फरवरी 2026 को अभियुक्त बाबूलाल ने परिवादी से 50 हजार रुपये की पहली किस्त प्राप्त की, तभी एसीबी टीम ने रंगे हाथों दबोच लिया. मौके पर रिश्वत राशि भी बरामद की गई.

वर्क ऑर्डर के एवज में मांगी थी रिश्वत, जांच जारी

मामले में एसीबी महानिदेशक के निर्देशन में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. एसीबी अधिकारियों के अनुसार परिवादी की फर्म को जारी वर्क ऑर्डर के बदले अभियुक्त द्वारा पहले 2.10 लाख रुपये की मांग कर परेशान किया जा रहा था, जो बाद में 2 लाख रुपये पर तय हुआ. 11 जनवरी 2026 को मांग का सत्यापन कराया गया था. इसके बाद पुलिस अधीक्षक एसीबी अजमेर रेंज के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निरीक्षक स्तर की टीम गठित कर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया. 

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है. एसीबी अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों, संभावित संलिप्तता और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ेंः SP बन कभी न्याय का झांसा तो कभी कार्रवाई का डर दिखाता, FIR डाउनलोड कर निकालता था नंबर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com