ACB Action: राजस्थान में रोजाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है. ताजा मामला डूंगरपुर जिले से आया है जहां एसीबी की टीम ने एक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि सीमलवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत माण्डली के ग्राम विकास अधिकारी रमेश चन्द्र सुवालका को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी ने परिवादी से घर का पट्टा जारी करने की एवज में रिश्वत की डिमांड की थी.
जमीन के पट्टे के लिए 8000 रुपये रिश्वत की मांग
डूंगरपुर एसीबी के उपाधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें बताया था कि उसने और उसके भाई ने अपने घरों के पट्टे बनवाने के लिए ग्राम पंचायत माण्डली में आवेदन किया था. ग्राम विकास अधिकारी रमेश चन्द्र सुवालका ने दोनों घरों के पट्टे जारी करने के बदले 8,000 रुपये की मांग की थी. परिवादी ने पहले ही आरोपी को 4,000 रुपये दे दिए थे, जिसके बदले आरोपी ने उसे एक घर का पट्टा थमा दिया.
ट्रैप कार्रवाई पकड़ा गया आरोपी VDO
आरोपी वीडीओ दूसरे भाई का पट्टा देने के लिए शेष 4,000 रुपये की अतिरिक्त मांग पर अड़ा हुआ था. शिकायत मिलने के बाद 18 मार्च 2026 को एसीबी ने मांग का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद शुक्रवार (20 मार्च) को एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में और पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में जाल बिछाया गया. जैसे ही परिवादी ने आरोपी रमेश चन्द्र सुवालका को 4,000 रुपये की रिश्वत सौंपी, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.
यह भी पढ़ेंः मुकेश भाकर के अंतरजातीय विवाह पर सियासी विवाद, बढ़ा राजनीतिक और सामाजिक तनाव