विज्ञापन

मुनीम ने सेठ की हत्‍या की, मुंह पर टेप च‍िपकाया; शव को सीमेंट के खंभे से बांधकर कुएं में फेंका 

पैसों के लालच में मुनीम ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सेठ की हत्‍या की. पुल‍िस ने आरोपी को ग‍िरफ्तार करके हत्‍याकांड का खुलासा क‍िया. 

मुनीम ने सेठ की हत्‍या की, मुंह पर टेप च‍िपकाया; शव को सीमेंट के खंभे से बांधकर कुएं में फेंका 
मुनीम ने ही अपने सेठ को मार डाला.
NDTV Reporter

भीलवाड़ा के बागोर थाना क्षेत्र में बहुचर्चित साहूकार शोभालाल जैन हत्याकांड मामले में पुलिस को बुधवार सुबह बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल फरारी काट रहे मुख्य आरोपी 36 वर्षीय रोशन गुर्जर को मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी के दोस्त इस हत्या में सहयोगी नारायण लाल सरगरा को 1 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था. मुनीम ने अपने दोस्त के साथ मिलकर करोड़ों की संपत्ति और 70 लाख रुपए हड़पने की नीयत से सेठ को 26 जुलाई को मौत के घाट उतार दिया था. 

कार में मुंह दाबकर मार डाला 

बागोर थाना प्रभारी बच्छराज चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के बावलास गांव से लापता 78 वर्षीय साहूकार शोभालाल जैन की हत्या 26 जुलाई को बड़ी बेरहमी से की गई थी. वे ब्याज पर पैसे देते थे. शोभालाल के ही मुनीम ने धार्मिक यात्रा से वापस लौटने के दौरान सेठ का पहले कार में दम घोंटा. ज‍िंदा न बचे इसके ल‍िए मुंह पर टेप च‍िपका द‍िया. मुनीम और उसके साथी ने शव को सीमेंट के खंभे से बांधकर सुनसान जगह पर ले जाकर कुएं में फेंक दिया, और फरार हो गए. इस मामले में 1 अगस्त को मुनीम के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया था. बुधवार सुबह मुख्य आरोपी रोशन गुर्जर को भी मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया है.

70 लाख रुपये के लिए सेठ की हत्या  

सेठ की हत्या से पहले मुख्य आरोपी मुनीम रोशन गुर्जर को जानकारी थी कि साहूकार शोभालाल जैन के पास 70 लाख रुपए हैं. ये पैसा हड़पने के लिए रोशन ने अपने दोस्त नारायण सरगरा को शराब पार्टी देकर राजी किया. आरोपी नारायण के दिमाग में हत्या की योजना चलती रही. 18 जुलाई को सेठ अपने मुनीम के साथ धार्मिक यात्रा पर गए. वापस आते समय नारायण ने शोभालाल के हाथ पकड़ लिए.रोशन ने उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी.

दोस्त को 10 लाख रुपये का दिया लालच 

पुल‍िस ने मुनीम के दोस्‍त नारायण लाल सरगरा को ग‍िरफ्तार क‍िया, जो अड़र्सीपुरा गांव का रहने वाला है. वह मध्य प्रदेश में पानीपूरी का धंधा करता है. रोशन उसका पुराना दोस्त है. रोशन शोभालाल जैन के यहां मुनीम है, और उसकी गाड़ी भी चलाता था. रोशन ने इस वारदात में नारायण को शामिल करने के लिए 10 लाख रुपए का लालच दिया. हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के बाद नारायण भी गांव से फरार हो गया. उदयपुर में रहकर आरोपी फरारी काट रहा था.

यह भी पढ़ें: रिफाइनरी की क्रूड पाइपलाइन में वॉल्‍व लगाकर दो टैंकर तेल चुराया, 6 महीने से कर रहे थे रेकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close