विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2026

36 साल बाद राजस्थान बीजेपी का होगा नया पता, भैरों सिंह शेखावत ने बनाया अपने आवास को दफ्तर

राजस्थान बीजेपी पार्टी कार्यालय को 36 साल पहले भैरों सिंह शेखावत ने शुरू किया था. लेकिन अब यह ठिकाना राजस्थान बीजेपी के लिए नहीं रहेगा.

36 साल बाद राजस्थान बीजेपी का होगा नया पता, भैरों सिंह शेखावत ने बनाया अपने आवास को दफ्तर
राजस्थान बीजेपी का पुराना कार्यालय

Rajasthan BJP Headquater: राजस्थान बीजेपी अब अपना ठिकाना बदलने का प्लान बना लिया है. तीन दशक से भी ज्यादा समय से बीजेपी जयपुर की जिस भवन से सियासी बिछाती रही है, अब वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा. पार्टी कार्यालय को 36 साल पहले भैरों सिंह शेखावत ने शुरू किया था. लेकिन अब यह ठिकाना राजस्थान बीजेपी के लिए नहीं रहेगा. पार्टी ने अब नए प्रदेश मुख्यालय के लिए जयपुर के मानसरोवर इलाके में जमीन चिह्नित कर ली है, जिससे अब भाजपा का नया शक्ति केंद्र शहर के एक अलग हिस्से में नजर आएगा.

जमीन आवंटन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरणों में है. प्रदेश भाजपा की ओर से भेजे गए आवेदन की फाइल यूडीएच विभाग तक पहुंच गई है और विभागीय औपचारिकताओं के बाद इसे अंतिम मुहर के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा.

कांग्रेस ने भी मानसरोवर इलाके में ही आवंटित करवाई थी जमीन

सरकार की भूमि आवंटन नीति-2025 के तहत किसी भी राष्ट्रीय दल को प्रदेश में एक स्थान पर 6 हजार वर्ग मीटर जमीन आरक्षित दर से कम पर आवंटित करने का प्रावधान है. दिलचस्प बात यह है कि इसी नीति का अनुसरण करते हुए पूर्ववर्ती सरकार के समय कांग्रेस ने भी मानसरोवर में ही अपने कार्यालय के लिए जमीन आवंटित करवाई थी. यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश कार्यालय के साथ-साथ कई जिला कार्यालयों के लिए भी आवेदन मिले हैं, जिन पर नियमानुसार काम चल रहा है.

कई जिला कार्यालयों का भी भवन बदलेगा

बीजेपी की यह योजना केवल राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी अपने सांगठनिक ढांचे को पूरे प्रदेश में विस्तार दे रही है. जयपुर के अलावा सवाई माधोपुर, झुंझुनूं और झालावाड़ जैसे जिलों में भी नए कार्यालयों के लिए जमीन की तलाश तेज कर दी गई है. पिछले छह वर्षों के भीतर पार्टी ने 22 जिलों में अपने भव्य कार्यालय तैयार कर लिए हैं, जिनमें से 15 जिलों में कामकाज भी शुरू हो चुका है. वर्तमान में टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चूरू, डूंगरपुर और पाली के जिला कार्यालय उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार हैं. सियासी गलियारों में चर्चा है कि मई 2026 में बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राजस्थान दौरे के दौरान इन सात जिला कार्यालयों का भव्य लोकार्पण किया जा सकता है.

1990 में शेखावत ने सरकारी आवास को बनाया कार्यालय

वर्तमान कार्यालय का अपना एक गहरा और समृद्ध राजनीतिक इतिहास है, जो कार्यकर्ताओं की भावनाओं से जुड़ा हुआ है. 1980 में जनसंघ के बाद जब बीजेपी का गठन हुआ, तब पार्टी का संचालन जालूपुरा के एक छोटे से भवन से होता था. लेकिन फरवरी 1990 में जब भैरों सिंह शेखावत दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने अपने इस सरकारी आवास को ही पार्टी का स्थाई पता बना दिया. तब से लेकर आज तक यही भाजपा का मुख्य केंद्र रहा है. इस कार्यालय की एक खास पहचान यहां स्थापित काले गणेश जी की प्रतिमा है, जो संभवतः देश के किसी भी अन्य बीजेपी दफ्तर में नहीं है. साथ ही, वास्तु शास्त्र का ध्यान रखते हुए यहां प्रदेश अध्यक्ष का कक्ष खास तौर पर तैयार किया गया था. अब करीब 36 साल की यादों और ऐतिहासिक फैसलों का गवाह रहा यह दफ्तर जल्द ही नए पते पर स्थानांतरित हो जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com