विज्ञापन

मंडप सजने के बाद प्रशासन की कार्रवाई, 12 साल की मासूम का बाल विवाह रुकवाया, बारात लौटाई गई

सूचना के आधार पर तहसीलदार दोवड़ा, पुलिस बल और सृष्टि सेवा समिति की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने जब बालिका के दस्तावेजों की जांच की तो उसकी उम्र मात्र 12 वर्ष 8 माह पाई गई.

मंडप सजने के बाद प्रशासन की कार्रवाई, 12 साल की मासूम का बाल विवाह रुकवाया, बारात लौटाई गई

Dungarpur News: डूंगरपुर जिले के दोवड़ा तहसील क्षेत्र की पुनाली ग्राम पंचायत में प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन की सतर्कता से एक 12 वर्षीय बालिका का बाल विवाह रुकवा दिया गया. मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह की रस्मों को तत्काल प्रभाव से रुकवाया और बालिका को संरक्षण प्रदान किया.

जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष भावेश जैन ने बताया कि मंगलवार सुबह चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना में बताया गया कि दोवड़ा तहसील के पुनाली ग्राम पंचायत के दर्जी मोहल्ला (वार्ड नंबर 3) में एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक मेहुल शर्मा ने जिला प्रशासन और पुलिस को तत्काल सूचित किया.

पुलिस और सृष्टि सेवा समिति की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची

सूचना के आधार पर तहसीलदार दोवड़ा, पुलिस बल और सृष्टि सेवा समिति की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने जब बालिका के दस्तावेजों की जांच की तो उसकी उम्र मात्र 12 वर्ष 8 माह पाई गई. इसके बाद प्रशासन ने तुरंत विवाह की सभी रस्मों को रुकवाया और बारात को बैरंग वापस लौटा दिया.

कड़े निर्देश देते हुए पाबंद किया

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ने बालिका के परिवार को भविष्य में बाल विवाह न करने के कड़े निर्देश देते हुए पाबंद किया. वहीं बालिका को आगे की सहायता और काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया. समिति के निर्णय के बाद फिलहाल बालिका को मुस्कान संस्थान के बालिका गृह में अस्थायी आश्रय दिया गया है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: घरेलू गैस की कीमतों में भारी उछाल, सदन में ज़ोरदार हंगामा; कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close