विज्ञापन

अजमेर को 100 पीएम ई-बस मिलने की हुई शुरुआत, पहले चरण में इन 5 रूटों पर चलेंगी AC इलेक्ट्रिक बस

राजस्थान में 7 शहरों में 71 नई पीएम ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है जिनमें से 5 बसें अजमेर को मिली हैं.

अजमेर को 100 पीएम ई-बस मिलने की हुई शुरुआत, पहले चरण में इन 5 रूटों पर चलेंगी AC इलेक्ट्रिक बस
अजमेर में इस तरह की 5 ई बस चलेंगी
@BhajanlalBjp

राजस्थान में प्रधानमंत्री ई-बस परियोजना के तहत 7 शहरों में आधुनिक ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है. यह योजना सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार, 18 अगस्त को 71 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई. इनमें जयपुर और भीलवाड़ा के लिए 24, जबकि अलवर, अजमेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में कुल 47 ई-बसें शामिल हैं. 

योजना के तहत अजमेर में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी, जिसके पहले चरण में मंगलवार को 5 ई-बसों का शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से बसों को हरी झंडी दिखाई, जबकि अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्वयं ई-बस में सफर कर इसकी शुरुआत की.

इन 5 रुटों पर चलेंगी बसें

इन एसी बसों में 26 सीटें हैं और इनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमैटिक डोर, इमरजेंसी बटन, पैसेंजर काउंटिंग सेंसर और आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाए गए हैं. दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. 

अजमेर में अभी 5 रूटों का निर्धारण किया गया है जिस पर नई बसों का संचालन किया जा रहा है. ये रूट हैं - अजमेर से पुष्कर, गांधी भवन से टांटोटी, माकड़वाली से श्रीनगर, वरुण सागर से दौराई तथा नौसर से किशनगढ़. इन बसों से अजमेर शहर के साथ आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है.

15 करोड़ रुपये का चार्जिंग डिपो

बसों की चार्जिंग के लिए बस स्टैंड पर चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि नौसर में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चार्जिंग डिपो तैयार किया जा रहा है. नगर निगम के अनुसार इसका काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है. ई-बसों के संचालन से अजमेर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने के साथ पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता भी कम होगी.

राजस्थान के 8 प्रमुख शहरों के लिए पीएम ई-बस सेवा के पहले चरण में 675 बसें स्वीकृत हैं, जबकि राज्य सरकार के प्रयासों से अतिरिक्त 475 बसें भी स्वीकृत हुई हैं.

ये भी पढ़ें-: राजस्थान में दौड़ेंगी 71 नई ई-बसें, जयपुर-जोधपुर-उदयपुर समेत 7 शहरों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close