Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है जिसने बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत और उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आदर्श नगर थाना क्षेत्र में महज एक मोबाइल फोन के लिए हुए विवाद के बाद आठवीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
भाई से मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र का बड़ा भाई हाल ही में दसवीं की परीक्षा पास कर छुट्टियों में घर आया था. उसके पास एंड्रॉयड फोन था, जिस पर छोटा भाई अक्सर यूट्यूब वीडियो और सोशल मीडिया देखता था. शुक्रवार शाम भी वह भाई के फोन में व्यस्त था, तभी बड़े भाई के दोस्त का फोन आया और उसने अपना मोबाइल वापस मांग लिया. फोन वापस ले जाने की बात छोटे भाई को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया.
20 मिनट के भीतर घट गई अनहोनी
जब करीब 20 मिनट तक छोटा भाई बाहर नहीं आया, तो बड़ा भाई उसे देखने कमरे की ओर गया. दरवाजा अंदर से बंद था. अनहोनी की आशंका होने पर जब उसने दरवाजे के नीचे से झांककर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. छोटा भाई फंदे से लटका हुआ था. घटना के वक्त माता-पिता काम पर गए हुए थे और घर में दादी व अन्य सदस्य मौजूद थे.
जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम
सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी छोटूलाल ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा. शुरुआती जांच में मामला मोबाइल की लत और उससे उपजी नाराजगी का लग रहा है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- सीएम भजनलाल शर्मा ने शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में की शिरकत, बंगाल के मुख्यमंत्री को दी शुभकामनाएं