Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं की खास बात यह है कि वे कभी पीछे मुड़कर नहीं देखते. जो वादा करते हैं उसकी समीक्षा भी नहीं करते.
चुनावी वादों पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था लेकिन उस पर अब कोई चर्चा नहीं होती. उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि किसान की आय के मुकाबले खर्च कितना बढ़ गया है.
उन्होंने “डबल इंजन सरकार” की अवधारणा पर हमला करते हुए कहा कि दोनों इंजन एक-दूसरे की मदद करने के बजाय आमने-सामने टकरा रहे हैं. इसके बावजूद जनता को “विश्व गुरु” बनने का सपना दिखाया जा रहा है.
पीएम के विदेश दौरों पर सवाल
नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर इसराइल के बाद ईरान में भी उसी तरह जाते जैसे पाकिस्तान गए थे तो भारत की छवि और मजबूत होती. उन्होंने कहा कि अब जो काम “विश्व गुरु” को करना चाहिए वह पाकिस्तान के नेता कर रहे हैं.
महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर आरक्षण देना सही नहीं है. नई जनगणना के बाद ही इसे लागू किया जाना चाहिए ताकि महिलाओं के साथ न्याय हो सके.
नीतीश कुमार पर बड़ा बयान
नीतीश कुमार को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी इच्छा प्रधानमंत्री बनकर रिटायर होने की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने उनके साथ धोखा किया और अब हालात ऐसे हैं कि वे राज्यसभा सांसद के रूप में रिटायर हो सकते हैं.
राजस्थान और PDA राजनीति पर फोकस
अखिलेश यादव ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हराएंगे फिर राजस्थान में आगे बढ़ेंगे. उन्होंने PDA यानी पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक की राजनीति को सामाजिक न्याय का रास्ता बताया और कहा जहां बीजेपी है वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा है वहां PDA है.
उन्होंने जयपुर की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की सराहना की और कहा कि अगर आगरा एक ट्रिलियन इकोनॉमी बन सकता है तो जयपुर उससे आगे जा सकता है. शंकराचार्य को मिली धमकी पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है.