Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले में नाबालिग छात्रा के साथ हुए दरिंदगी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. रैणी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा के अपहरण और गैंगरेप की इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है ताकि पीड़िता को त्वरित न्याय मिल सके.
SIT करेगी मामले की तहकीकात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी के नेतृत्व में गठित इस SIT टीम में तकनीकी विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है. टीम की कमान राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना को सौंपी गई है.
इस विशेष दल का मुख्य उद्देश्य घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच करना और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुँचाना है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से बरामद मोबाइल ने कई राज उगले हैं.
आरोपी के मोबाइल में मिलीं तस्वीरें
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी के मोबाइल से पीड़िता की कुछ तस्वीरें मिली हैं जो मामले में अहम साक्ष्य साबित हो सकती हैं. प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि दर्ज मुकदमे में लगाए गए कई आरोपों की पुष्टि हो चुकी है और बाकी बिंदुओं पर तकनीकी टीम काम कर रही है. आरोपियों की मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.
सियासी गलियारों में भी हलचल
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर इस घृणित अपराध की कड़ी निंदा की. उनके हस्तक्षेप और मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी आई है. पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होते ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- दौसा में कल शाम से लापता 12वीं की छात्रा का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम