Rajasthan News: राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी उपखंड कार्यालय परिसर में गणेश मंदिर के पुजारी दिनेश शर्मा अनशन पर बैठ गए हैं. उनका आरोप है कि मंदिर माफी की जमीन और मंदिर शिखर स्थल पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की.
मंदिर माफी की जमीन पर कब्जे का आरोप
पुजारी दिनेश शर्मा का कहना है कि स्वयंभू प्रकट हुए गणेश जी महाराज के मंदिर की माफी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है. इसके चलते मंदिर परिसर का विस्तार रुक गया है और शिखर निर्माण भी नहीं हो पा रहा. उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत दी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.
गणेश मूर्ति के साथ उपखंड कार्यालय में अनशन
न्याय नहीं मिलने से नाराज पुजारी गणेश मूर्ति के साथ ही उपखंड कार्यालय परिसर में अनशन पर बैठ गए. सूचना देने के बावजूद कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. इससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है.
प्रशासन ने दिया आश्वासन
बाद में तहसीलदार मोहित शर्मा उपखंड अधिकारी सविता शर्मा के निर्देश पर अनशन स्थल पहुंचे. उन्होंने पुजारी से बातचीत कर आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए चार दिन का समय मांगा गया है.
न्याय मिलने तक अनशन जारी
पुजारी दिनेश शर्मा का साफ कहना है कि जब तक अवैध कब्जा हटाकर मंदिर की जमीन मुक्त नहीं कराई जाती, तब तक वे अनशन समाप्त नहीं करेंगे. अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है.
यह भी पढ़ें- NSUI के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के पदभार ग्रहण किया, पायलट समेत कई नेता शामिल
झालरापाटन में ब्रज जैसी होली का अद्भुत नजारा, द्वारिकाधीश मंदिर में रहेगा 40 दिन का फागोत्सव