अलवर में सेकंड ग्रेड शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत, परिवार और विद्यार्थियों में शोक की लहर

राजस्थान के अलवर में एक सेकंड ग्रेड शिक्षक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई. देर रात सीने में दर्द उठने पर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. घटना से परिवार और शिक्षा जगत में गहरा शोक है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अलवर में एक सेकंड ग्रेड शिक्षक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित अपना घर शालीमार इलाके में रहने वाले एक सेकंड ग्रेड शिक्षक का हार्ट अटैक से निधन हो गया. मृतक की पहचान 51 वर्षीय अशोक कुमार बागड़ी के रूप में हुई है. वे मूल रूप से कोटकासिम थाना क्षेत्र के नंगल सालिया गांव के निवासी थे और वर्तमान में परिवार के साथ अलवर में रह रहे थे.

स्कूल में थे कार्यरत

अशोक कुमार बागड़ी किशनगढ़ बास के चोर बसई स्थित स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में सेकंड ग्रेड शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. वे अपने शांत स्वभाव और पढ़ाने की लगन के लिए जाने जाते थे. उनके अचानक निधन की खबर से विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों में गहरा दुख है.

देर रात बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार बुधवार रात अचानक उनके सीने में तेज दर्द शुरू हुआ. हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत अलवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया. वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक की पत्नी सुमन कॉल भी उसी विद्यालय में सेकंड ग्रेड शिक्षिका हैं. दंपती के दो बच्चे हैं जो पढ़ाई कर रहे हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया. रिश्तेदारों सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है.

Advertisement

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव

सदर थाना पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. शिक्षक अशोक कुमार बागड़ी के निधन से शिक्षा जगत ने एक समर्पित शिक्षक को खो दिया है.

यह भी पढ़ें- बांसवाड़ा में दिखा निजी बस हड़ताल का असर, रोडवेज बसों में ठसाठस भीड़; 280 से ज्यादा बसों के पहिये थमे

Advertisement