विज्ञापन

अलवर के जानलेवा हमले का दूसरा मुख्य आरोपी झज्जर से गिरफ्तार, 3 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

राजस्थान के अलवर में हुए चर्चित जानलेवा हमले के मामले में सीआईडी-सीबी को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने तीन साल से फरार 10 हजार के इनामी आरोपी पोरस भारद्वाज को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार कर लिया है. 

अलवर के जानलेवा हमले का दूसरा मुख्य आरोपी झज्जर से गिरफ्तार, 3 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की सीआईडी-सीबी टीम ने अलवर के चर्चित जानलेवा हमले मामले में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपी पोरस भारद्वाज को हरियाणा के झज्जर से दबोच लिया है. तीन साल से फरार चल रहे इस शातिर अपराधी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी है.

लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी

अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में 30 अगस्त 2023 को हरनेक सिंह और प्रदीप सिंह पर तलवारों व फर्सी से जानलेवा हमला हुआ था. इस मामले में पोरस भारद्वाज मुख्य आरोपियों में शामिल था और तभी से फरार चल रहा था. अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पोरस बेहद शातिर तरीके से राज्य बदल रहा था. वह हरिद्वार, गुरुग्राम, दिल्ली, जयपुर, रोहतक और अंत में झज्जर में छिपकर रह रहा था. उसके खिलाफ अदालत से स्थाई वारंट भी जारी हो चुका था और पुलिस ने उसकी सूचना पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.

सीआईडी की स्पेशल टीम का सफल ऑपरेशन

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी-सीबी की एक विशेष टीम गठित की गई. टीम के उप निरीक्षक शैलेंद्र शर्मा ने तकनीकी इनपुट और मुखबिरों के जरिए पोरस की हर गतिविधि पर नजर रखी. जब टीम को पोरस के झज्जर में होने की पुख्ता खबर मिली तो उन्होंने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को अब अलवर की कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है.

ऑपरेशन दानव की सफलता

यह कार्रवाई 'ऑपरेशन दानव' का हिस्सा है. इससे पहले मुख्य आरोपी अभयराज उर्फ दानव को पुलिस जयपुर से गिरफ्तार कर चुकी है. पोरस की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं और फरार साथियों की तलाश तेज करेगी. इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल कृष्णगोपाल शर्मा, अरुण कुमार शर्मा, बृजेश शर्मा और कांस्टेबल सोहनदेव यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इन पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और तकनीकी कुशलता के कारण ही आरोपी को इतनी दूर से पकड़ा जा सका. पुलिस की इस मुस्तैदी से अलवर के आम लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है. अब पुलिस इस आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और हथियारों की बरामदगी के प्रयास करेगी.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में सरस डेयरी का दूध 2 रुपये लीटर महंगा, जानें कब से लागू होगी नई दर

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close