Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले में खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया. दुर्घटना कसोसा चौक के पास उस समय हुई जब श्रद्धालुओं से भरा टेंपो डेहरा शाहपुरा क्षेत्र से हुडीया जैतपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे डीजल ट्रैक्टर ने टेंपो को तेज टक्कर मार दी.
जोरदार टक्कर से मची अफरा तफरी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के समय वाहन में करीब 10 से 12 श्रद्धालु सवार थे. अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी.
तीन श्रद्धालु गंभीर हालत में भर्ती
हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. इनमें से तीन श्रद्धालुओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज जारी है. अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है लेकिन कुछ को निगरानी में रखा गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है. हालांकि वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.
यह भी पढ़ें-
डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान को विकास की पटरी से उतारा, 'गाल बजाने' से नहीं चलता शासन- टीकाराम जूली