विज्ञापन

डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान को विकास की पटरी से उतारा, 'गाल बजाने' से नहीं चलता शासन- टीकाराम जूली

जूली ने राठौड़ के बयान को प्रदेश की जनता के साथ 'क्रूर मजाक' करार दिया और कहा कि बीजेपी नेता जिन 'ऐतिहासिक दौरों' का ढिंढोरा पीट रहे हैं, उनकी असलियत जनता जानती और समझती है.

डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान को विकास की पटरी से उतारा, 'गाल बजाने' से नहीं चलता शासन- टीकाराम जूली
टीकाराम जूली

Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा हाल में दिए गए बयानों पर कड़ा प्रहार करते हुए पलटवार किया है. जूली ने राठौड़ के बयान को प्रदेश की जनता के साथ 'क्रूर मजाक' करार दिया है. जूली ने कहा कि बीजेपी नेता जिन 'ऐतिहासिक दौरों' का ढिंढोरा पीट रहे हैं, उनकी असलियत जनता जानती और समझती है. जूली ने ERCP से लेकर रिफाइनरी उद्घाटन के मुद्दे पर सरकार को घेरा.

ERCP पर प्रधानमंत्री की वादाखिलाफी का आरोप

जूली ने कहा, "मदन राठौड़ जी आज उन वादों पर चर्चा करने से भाग रहे हैं जो स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर की धरती से ERCP को लेकर किए थे. राजस्थान की जनता भूली नहीं है कि प्रधानमंत्री ने इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का आश्वासन दिया था. आज अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए 'रामजल सेतु' जैसे नए नाम गढ़े जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर प्यासे कंठों को पानी मिलना अब भी दूर की कौड़ी है."

रिफाइनरी के उद्घाटन पर सरकार की चुप्पी पर सवाल

पचपदरा रिफाइनरी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने सीधे सवाल दागते हुए पूछा कि आखिर राज्य सरकार इसके उद्घाटन से क्यों कतरा रही है? "मदन राठौड़ जी विकास की बातें तो बहुत करते हैं, लेकिन क्या वे बताएंगे कि पचपदरा रिफाइनरी का काम पूरा होने के बावजूद उद्घाटन क्यों अटका है? क्या राज्य की भाजपा सरकार को प्रधानमंत्री कार्यालय से तारीख तक नहीं मिल पा रही है? रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर चुप्पी और प्रधानमंत्री की बेरुखी यह साबित करती है कि भाजपा के पास विकास का कोई विजन नहीं है, वे सिर्फ श्रेय लेने की राजनीति में माहिर हैं."

बेहाल जनता और बहस से भागती सरकार

टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार 'पांच साल बनाम दो साल' की खुली बहस की चुनौती से डरकर पीछे हट गई है. उन्होंने कहा कि सरकार के पास गिनाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है. आज प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त है; किसान बिजली की किल्लत से जूझ रहा है, फसलें बर्बाद हो रही हैं और बस संचालकों की हड़ताल से आम जनता का आवागमन ठप है. सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी बैठी है.

ध्वस्त कानून-व्यवस्था

प्रदेश की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्थान में अपराध का ग्राफ रसातल में पहुँच गया है. लूट, हत्या और गैंगवार की बढ़ती घटनाओं ने साबित कर दिया है कि पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है. अपराधी बेखौफ हैं और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है.

यह भी पढ़ेंः विधायक गणेश घोघरा का सदन में बड़ा बयान, 'अधिकार छीने तो आदिवासी हथियार भी उठाएगा'

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close