RTE School Admission Application: राजस्थान में हाल ही में राइट टू एजुकेशन (RTE) का मुद्दा खूब उठा था, विपक्ष ने RTE के तहत एडमिशन नहीं कराए जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा था. इसी क्रम में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए निजी विद्यालयों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं में 25 प्रतिशत सीटों पर RTE के तहत निःशुल्क प्रवेश प्रदान करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में राज्यों द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समान अवसर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है.
कब से कब तक ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के अनुसार ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 4 मार्च 2026 तक संचालित होगी, जिसमें अभिभावक निर्धारित पोर्टल पर आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे. प्रवेश प्रक्रिया rajpsp.nic.in तथा education.rajasthan.gov.in/elementary के माध्यम से पूर्ण की जाएगी. विभाग ने अभिभावकों से समयसीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि पात्र बच्चों को योजना का लाभ सुनिश्चित हो सके.
प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में प्रस्तावित
प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत प्रथम चरण आवंटन 13 मार्च, द्वितीय चरण 27 मार्च तथा आवश्यकता अनुसार तृतीय चरण आवंटन 13 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है. प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विभाग द्वारा ई-मेल ddrtebknr@gmail.com एवं rajpsphelp@gmail.com तथा हेल्पलाइन नंबर 0151-2220140 एवं 0141-2719073 उपलब्ध कराए गए हैं.
यह भी पढ़ेंः आजादी के बाद भी राजस्थान के इस गांव की हो रही अनदेखी, जिला बनने के 29 साल बाद मिला फंड... क्या बदलेगी तस्वीर?