विज्ञापन

बंदूक की नोंक पर ज्वेलरी शोरूम में लूट, विरोध करने पर व्यापारी का सिर फोड़ा, इलाके में नाकाबंदी

सीकर के कांवट में देर रात बंदूक की नोंक पर ज्वेलरी व्यापारी विकास सोनी से बड़ी लूट की वारदात हुई. बदमाशों ने सिर पर हमला कर बैग छीना, पूरी खबर यहां पढ़ें.

बंदूक की नोंक पर ज्वेलरी शोरूम में लूट, विरोध करने पर व्यापारी का सिर फोड़ा, इलाके में नाकाबंदी
सीकर क्राइम: कांवट में ज्वेलर्स से बंदूक की नोंक पर लूट, बहादुरी दिखाने पर व्यापारी का सिर फोड़ा, मौके पर ही छूट गई बदमाशों की बंदूक
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले के कांवट कस्बे के खण्डेला रोड पर सोमवार रात करीब 8 बजे हथियारों से लैस बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी को निशाना बनाया और बंदूक की नोंक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों के हमले में व्यापारी बुरी तरह लहूलुहान हो गया है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

व्यापारी ने डट कर किया मुकाबला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी विकास सोनी अपनी दुकान पर काम खत्म कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान खण्डेला की ओर से एक कार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दुकान के सामने गाड़ी रोकी. गाड़ी से उतरते ही आरोपियों ने विकास सोनी पर दो बंदूकें तान दीं. अचानक हुए इस हमले से डरे बिना विकास ने बहादुरी दिखाते हुए तीनों बदमाशों का मुकाबला किया. झड़प के दौरान एक बदमाश ने बंदूक के बट से व्यापारी के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वे घायल हो गए. इसके बाद आरोपी गहनों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए.

कई KM तक पीछा किया, भाग निकले

हैरानी की बात यह है कि भागते समय हड़बड़ाहट में आरोपियों की एक बंदूक और चांदी के आभूषणों से भरी एक थैली मौके पर ही गिर गई. शोर सुनकर पास ही मौजूद व्यापारी के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बदमाशों की कार का कई किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी भादवाडी-कंचनपुर की ओर भागने में सफल रहे.

पूरी शहर में नाकाबंदी, अलर्ट पर पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थोई थाना सीआई नेकीराम कलवानिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित कर पूरे जिले में सघन नाकाबंदी करवाई है. पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की बंदूक और चांदी की थैली को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घायल व्यापारी विकास सोनी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा था.

ये भी पढ़ें:- कल से नया पश्‍च‍िमी व‍िक्षोभ होगा एक्‍ट‍िव, आंधी के साथ बार‍िश की भव‍िष्‍यवाणी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close